Aanganwadi Samman Kit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान म…
Aanganwadi Samman Kit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. सरकार उनके योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ मानदेय बढ़ाने पर भी विचार कर रही है
दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 23 सितंबर से ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के अलावा लाभार्थी, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, स्तनपान कराने वाली महिलाएं, अभिभावक और स्थानीय समुदाय के लोग शामिल होंगे
सरकार की ओर से इन कार्यक्रमों के लिए करीब 25 हजार निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 500 लोगों की भागीदारी प्रस्तावित है. कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को पोषण शपथ भी दिलाई जाएगी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए करीब 2,500 रुपये मूल्य की विशेष सम्मान किट तैयार की गई है. इसमें बैग, यूनिफॉर्म, इंसुलेटेड पानी की बोतल, कैप, प्राथमिक उपचार पाउच और छाता शामिल हैं. विधानसभा स्तर के कार्यक्रमों में मुख्य अतिथियों द्वारा आंगनवाड़ी से जुड़े अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को यह किट प्रदान की जाएगी
इन कार्यक्रमों को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 से भी जोड़ा गया है. महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ‘सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण’ योजना के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है
इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है. इसका उद्देश्य पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समुदाय की भागीदारी मजबूत करने और आंगनवाड़ी सेवाओं के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरकार और आम लोगों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उनके काम को पहचान और सम्मान देने के साथ-साथ उनके मानदेय में बढ़ोतरी की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है, ताकि जमीनी स्तर पर सरकारी सेवाओं को पहुंचाने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सहयोग मिल सके



टिप्पणियाँ 0