Jaya Prada on Dharmendra: बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस जया प्रदा ने अपने लंबे फिल्मी करियर में हिंदी और साउथ सिनेमा के कई बड़े सितारों के साथ काम किया है. उन्हों…

Jaya Prada on Dharmendra: बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस जया प्रदा ने अपने लंबे फिल्मी करियर में हिंदी और साउथ सिनेमा के कई बड़े सितारों के साथ काम किया है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बेहद कम उम्र में की थी और देखते ही देखते इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में अपनी जगह बना ली. जया प्रदा ने धर्मेंद्र, राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, जितेंद्र और कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया है. ऐसे में उनके पास फिल्म इंडस्ट्री के पुराने दौर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से हैं

इसी बीच अब कपिल शर्मा के शो का जया प्रदा से जुड़ा एक पुराना वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रहा है. इस क्लिप में जया प्रदा अपने फिल्मी करियर के शुरुआती दिनों और उस दौर के बड़े सितारों के साथ काम करने के अनुभवों के बारे में बात करती नजर आ रही हैं. इसी दौरान उन्होंने धर्मेंद्र को लेकर भी एक मजेदार खुलासा किया था. जब उनसे पूछा गया कि इंडस्ट्री के कलाकारों में सबसे ज्यादा फ्लर्ट कौन करता था, तो उन्होंने बिना ज्यादा घुमाए धर्मेंद्र का नाम ले लिया था

दरअसल, कपिल शर्मा के शो में बातचीत के दौरान कपिल ने जया प्रदा से पूछा था कि उस दौर के कलाकारों में सबसे ज्यादा फ्लर्ट कौन करता था. कपिल के सवाल पर जया प्रदा पहले थोड़ा हिचकिचाईं और मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या वो सच में नाम बताएं? जब कपिल ने उन्हें जवाब देने के लिए कहा तो जया प्रदा ने हंसते हुए कहा, “धर्मेंद्र.”

जया प्रदा का ये जवाब सुनकर सेट पर मौजूद लोग हंसने लगे थे. आपको बता दें कि धर्मेंद्र और जया प्रदा ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है और दोनों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी को भी दर्शकों ने पसंद किया था. यही वजह है कि जया प्रदा के इस पुराने किस्से का क्लिप एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है

इसी बातचीत के दौरान जया प्रदा से ये भी पूछा गया कि उस दौर में कौन सा एक्टर सेट पर सबसे ज्यादा देर से पहुंचता था. इस सवाल पर उन्होंने राजेश खन्ना का नाम लिया. जया प्रदा ने बताया कि वो साउथ इंडस्ट्री से थीं और वहां काम करने के दौरान उन्हें सुबह जल्दी सेट पर पहुंचने की आदत थी. उन्होंने कहा कि वो आमतौर पर सुबह 7 बजे तक सेट पर पहुंच जाती थीं. लेकिन जब उन्होंने हिंदी फिल्मों में काम करना शुरू किया तो शूटिंग का तरीका उनके लिए काफी अलग था

उन्होंने बताया कि हिंदी फिल्मों के सेट पर उन्हें कई बार सुबह 9 बजे बुलाया जाता था. वो समय पर सेट पर पहुंच जाती थीं और मेकअप आदि करके शूटिंग के लिए तैयार हो जाती थीं, लेकिन कई बार राजेश खन्ना काफी देर से सेट पर पहुंचते थे. जया प्रदा ने मजेदार अंदाज में बताया कि राजेश खन्ना कभी-कभी रात के करीब 8 बजे सेट पर पहुंचते थे. सेट पर आने के बाद वो पहले वड़ा पाव खाते थे और फिर एक शॉट देते थे. इसके बाद रात करीब 9 बजे उनका पैक-अप हो जाता था. जया प्रदा का ये किस्सा सुनकर कपिल शर्मा भी हैरान रह गए थे

जया प्रदा ने बातचीत में अपने करियर के शुरुआती दिनों को भी याद किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने बहुत कम उम्र में फिल्म इंडस्ट्री में काम करना शुरू कर दिया था. उस समय वो लगभग 16-17 साल की थीं और उनके सामने इंडस्ट्री के कई बड़े और दिग्गज सितारे हुआ करते थे. उनके लिए ये अनुभव आसान नहीं था. एक तरफ वो बेहद कम उम्र की थीं, वहीं दूसरी तरफ उनके साथ काम करने वाले कलाकार इंडस्ट्री के बड़े नाम थे. ऐसे में उन्हें कई बार घबराहट भी महसूस होती थी. हालांकि, जया प्रदा के लिए ये दौर मुश्किल होने के साथ-साथ गर्व का भी था. उन्होंने अपने करियर में ऐसे कलाकारों के साथ काम किया, जिन्हें वो खुद एक आइकन के तौर पर देखती थीं

ये भी पढ़ें: बिग बॉस में फूट-फूटकर रोईं कनिका मान, एक्ट्रेस का प्यार से उठा भरोसा, गुल्लू से बनाएंगी दूरी