Aaj Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी पड़ रही है. हालांकि कुछ क्षेत्रों में अभी भी मानसून सक्रिय बना हुआ है और वापसी…

Aaj Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी पड़ रही है. हालांकि कुछ क्षेत्रों में अभी भी मानसून सक्रिय बना हुआ है और वापसी से पहले इन इलाकों में जमकर बरस रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर से देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी रविवार (20 सितंबर) को यूपी-बिहार समेत 21 राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका है

इस दौरान 70-72 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इसके अलावा पूर्वी भारत में वज्रपात होने की भी आशंका है. ऐसे में मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी है. साथ ही पहाड़ी इलाकों की यात्रा न करने की भी सलाह दी है

उधर ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत देश के तटीय राज्यों में भी लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग ने इन इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है. जिसका असर बिहार और झारखंड पर भी देखने को मिल सकता है. वहीं कल यानी सोमवार को पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाब और मंगलवार को पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में गहन अवदाब में बदलने की प्रबल संभावना है, जिससे भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, आज यानी 20 सितंबर को देश के 21 राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका है. इस दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, सिक्किम, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश होने की संभावना है. जिसे लेकर आईएमडी ने चेतावनी जारी की है. इस दौरान देश के पूर्वी राज्यों में वज्रपात यानी आसमानी बिजली गिरने की आशंका है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में 70 से 72 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं

मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी रविवार (20 सितंबर) को राजधानी दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और आंधी आने की आशंका है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है

आईएमडी के मुताबिक, आज यानी रविवार को पश्चिमी यूकी पे गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, हाथरस, एटा, आगरा, मथुरा, संभल, बिजनौर, फिरोजाबाद, इटावा और मैनपुरी में बारिश होने की आशंका है. जबकि पूर्वी यूपी के ज्योतिबाफुले नगर, सीतापुर, औरैया, कानपुर, हरदोई, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं बिहार के मधेपुरा, गोपालगंज, पटना, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय और बेगूसराय में आज तेज बारिश हो सकती है. साथ ही आंधी आने की भी संभावना है

वहीं राजस्थान के करौली, दौसा, कोटा, झालावाड़, टोंक, हनुमानगढ़, अजमेर, चूरू, बीकानेर, बाड़मेर, जोधपुर और झुंझुनू में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है. जबकि मध्य प्रदेश के छतरपुर, उमरिया, भिंड, कटनी, इंदौर, बालाघाट, रतलामन, झाबुआ, मांडला, सीधी, सिंगरौली और भोपाल में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. जबकि झारखंड के देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, गुमला और पलामू में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की भी संभावना है

उधर पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्र प्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. जबकि इस दौरान 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला, मंडी, सोलन, कांगड़ा और ऊना में बारिश-तूफान की आशंका है. यहां भी 50 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. उधर जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, जम्मू, मुजफ्फराबाद, कुलगाम, रामबन, किश्तवार, राजौरी और बारामूला में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है