Aaj Ka Mausam: दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से पहले देश के कई राज्यों में एक बार फिर से भारी बारिश का दौर देखने को मिल रही है. इस बीच मौसम विभाग ने देश के 13…
Aaj Ka Mausam: दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से पहले देश के कई राज्यों में एक बार फिर से भारी बारिश का दौर देखने को मिल रही है. इस बीच मौसम विभाग ने देश के 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने 'डीप डिप्रेशन' का असर आज देश के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. जिससे आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और आस-पास के इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है
आईएमडी के मुताबिक, यह सिस्टम उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा है और इसके 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच से गुजरने की बहुत संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई इलाकों में बहुत भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान लगाया है. इस दौरान पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, विदर्भ और पूर्वी और मध्य भारत के अन्य हिस्सों में भी बारिश होने की उम्मीद है. ऐसे में मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए आज रेड अलर्ट जारी किया है
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में आज भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. अगले सात दिनों की चेतावनी के अनुसार, 23 से 25 सितंबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. इस दौरान दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में दिन के समय तेज धूप खिली रहेगी, जबकि रात में भी आसमान साफ बना रहेगा
उधर बिहार के कई जिलों में आज यानी बुधवार को भारी बारिश की आशंका है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज बिहार के कई जिलों में बारिश की गतिविधियों की उम्मीद है. आईएमडी ने बुधवार को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और उसके बाद के दिनों में बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है. इसके बाद देश के पूर्वी हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. इस दौरान बिहार में भी भारी बारिश हो सकती है
वहीं उत्तर प्रदेश के लिए आईएमडी ने कोई खास अलर्ट जारी नहीं किया है. IMD के मुताबिक, पूर्वी यूपी के बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही में 25 से 27 सितंबर के दौरान गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश होने का अनुमान है. जबकि पश्चिमी यूपी में 26-27 सितंबर और पूर्वी यूपी में 25 और 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है. वहीं पूर्वी यूपी में 26 सितंबर को भी कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है
वहीं जैसे-जैसे 'डीप डिप्रेशन' (गहरा कम दबाव का क्षेत्र) तट के करीब आ रहा है, ओडिशा पर खास नजर रखी जा रही है. IMD ने 23-24 सितंबर के आसपास भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश होने का अनुमान लगाया है. ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान आने की भी संभावना है. तटीय मौसम बुलेटिन में समुद्र में हालात खराब से बहुत खराब रहने की चेतावनी दी गई है, जबकि दक्षिण ओडिशा में समुद्र की स्थिति बहुत खराब से लेकर बहुत ज्यादा खराब होने का अनुमान है
उधर झारखंड में आज से 27 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जबकि कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, 23 सितंबर और 25-26 सितंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है. इसके अलावा केरल, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, सिक्किम, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में हल्की से भारी बारिश होने की आशंका है. जबकि इस दौरान 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं






टिप्पणियाँ 0