Delhi Town Hall: दिल्ली के ऐतिहासिक चांदनी चौक स्थित टाउन हॉल को अब नए और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में दिल्ली सर…

Delhi Town Hall: दिल्ली के ऐतिहासिक चांदनी चौक स्थित टाउन हॉल को अब नए और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग की नोडल एजेंसी दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) और दिल्ली नगर निगम (MCD) के बीच इस संबंध में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए

एमओयू के तहत ऐतिहासिक टाउन हॉल, प्रेस बिल्डिंग और पार्क का संरक्षण करते हुए पूरे परिसर को ‘ग्लोबल हेरिटेज सेंटर’ के रूप में विकसित करने की योजना है. परियोजना का उद्देश्य ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए इसे पर्यटन, संस्कृति और संग्रहालय गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है

चांदनी चौक और शाहजहानाबाद के ऐतिहासिक क्षेत्र में स्थित टाउन हॉल का निर्माण वर्ष 1860 से 1866 के बीच हुआ था. यह ग्रेड-I विरासत परिसर है. लंबे समय तक नगर निगम का मुख्यालय भी इसी परिसर से संचालित होता रहा. वर्ष 2010 में निगम मुख्यालय के मिंटो रोड स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में स्थानांतरित होने के बाद से टाउन हॉल परिसर का बड़ा हिस्सा काफी हद तक खाली रहा है.करीब 12,180 वर्गमीटर क्षेत्र में फैले इस ऐतिहासिक परिसर का स्वामित्व दिल्ली नगर निगम के पास ही रहेगा

परियोजना के तहत भवन की मूल ऐतिहासिक और स्थापत्य पहचान को सुरक्षित रखते हुए एडैप्टिव रीयूज के माध्यम से इसका आधुनिक उपयोग किया जाएगा. प्रस्तावित ग्लोबल हेरिटेज सेंटर में संग्रहालय, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पर्यटन से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी

चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों के नजदीक होने के कारण इस परियोजना से पुरानी दिल्ली के विरासत पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को एक ही परिसर में दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और विरासत को जानने-समझने का अवसर मिलेगा

एमओयू के तहत डीटीटीडीसी को परियोजना के लिए सर्वे, भवन का स्ट्रक्चरल असेसमेंट और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है. इसके बाद परियोजना को सार्वजनिक निवेश अथवा पीपीपी मॉडल के जरिए विकसित करने का विकल्प तय किया जाएगा

परियोजना की नियमित समीक्षा के लिए डीटीटीडीसी और नगर निगम के अधिकारियों का संयुक्त कार्य समूह भी बनाया जाएगा. एमओयू की शुरुआती अवधि 30 वर्ष रखी गई है, जिसे आपसी सहमति से आगे 30 वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है

टाउन हॉल से संबंधित विरासत सामग्री, अभिलेखीय दस्तावेज, कलाकृतियां और ऐतिहासिक रिकॉर्ड नगर निगम के पास ही रहेंगे. परियोजना में केवल भवन के संरक्षण पर ही नहीं, बल्कि उससे जुड़ी ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया है

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि चांदनी चौक का ऐतिहासिक टाउन हॉल केवल एक भवन नहीं, बल्कि दिल्ली के समृद्ध इतिहास और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है. सरकार का प्रयास है कि इसकी ऐतिहासिक और स्थापत्य पहचान को सुरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ा जाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में विकसित होने के बाद यह परिसर देश-दुनिया से दिल्ली आने वाले पर्यटकों के लिए पुरानी दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और विरासत से परिचित कराने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि चांदनी चौक की ऐतिहासिक विरासत दिल्ली की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है. टाउन हॉल, प्रेस बिल्डिंग और पार्क को ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में विकसित करने से क्षेत्र में विरासत पर्यटन को नया आयाम मिलेगा. उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए उन्हें देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक और उपयोगी बनाना सरकार का प्रयास है