Bihar News: बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब प्रशासनिक स्तर पर अचानक बड़ी जांच शुरू हो गई. अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी ने अस्पताल…

Bihar News: बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब प्रशासनिक स्तर पर अचानक बड़ी जांच शुरू हो गई. अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी ने अस्पताल पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की. इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत सामने आ गई. रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर तैनात रहने वाले दो प्रमुख डॉक्टर बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल से पूरी तरह गायब मिले. डॉक्टरों की इस गैरहाजिरी को लेकर एसडीओ ने कड़ा रुख अपनाया और संबंधित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए विभागीय कार्रवाई करने का आदेश दिया

अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में शनिवार सुबह रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक की अध्यक्षता खुद एसडीओ कृष्णा जोशी कर रहे थे. बैठक में समिति के तमाम सदस्य और स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे. चर्चा का मुख्य केंद्र अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना था. समिति के सदस्यों ने अस्पताल परिसर में मौजूद कई कमियों की तरफ ध्यान आकर्षित कराया. इसमें अस्पताल परिसर में गड्ढों की भराई, मिट्टी भराई, जर्जर पड़े शौचालयों की मरम्मत और पीने के स्वच्छ पानी की कमी का मुद्दा प्रमुख रूप से शामिल था. एसडीओ ने इन सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और फंड के जरिए जल्द से जल्द निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा कराने का भरोसा दिलाया

बैठक समाप्त होते ही एसडीओ ने औचक निरीक्षण का फैसला लिया. वे सीधे मरीजों के वार्डों, दवा वितरण केंद्र और आपातकालीन कक्ष की तरफ बढ़ गए. अचानक हुए इस दौरे से अस्पताल कर्मियों और अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. अधिकारी ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका और ड्यूटी रोस्टर की जांच की. जांच के दौरान यह पाया गया कि जिन दो डॉक्टरों की तैनाती उस समय ड्यूटी पर थी, वे अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित थे. इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए एसडीओ ने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाह चिकित्सकों पर नियमानुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे