Barwani News: जंगल में उगाया जा रहा था 50 लाख का गांजा, ड्रोन से खुलासा; 9,353 पौधे जब्त

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत पुलिस ने वरला थाना क्षेत्र के निशानियापानी और आड़नदी के दुर्गम जंगलों में छिपाकर उगाई जा रही गांजे की फसल का पर्दाफाश किया है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में चार अलग-अलग खेतों से गांजे के कुल 9,353 पौधे जब्त किए गए हैं। इनका कुल वजन 485 किलो 640 ग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 50 लाख रुपये बताया गया है। इस कार्रवाई में करीब 150 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस की टीमों ने ड्रोन की मदद से जंगलों का हवाई सर्वे किया, जिसके बाद अवैध खेती वाले खेतों की पहचान कर कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए। अब वन क्षेत्र के पट्टाधारियों की जानकारी जुटाकर उन्हें मामले में नामजद आरोपी बनाने की तैयारी की जा रही है
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बड़वानी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वरला थाना क्षेत्र के निशानियापानी और आड़नदी के जंगलों में कुछ खेतों में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में आठ पुलिस टीमें गठित की गईं। इन टीमों में विभिन्न थानों के लगभग 150 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल किए गए। कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पुलिस टीमों ने विशेष रणनीति अपनाई। पिकअप वाहनों को तिरपाल से ढककर जंगलों की ओर रवाना किया गया। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए दुर्गम वन क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया गया। सघन तलाशी के दौरान चार अलग-अलग खेतों में गांजे की फसल मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान चार अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से गांजे की खेती की पुष्टि हुई। पुलिस वाहनों को देखकर मौके पर मौजूद लोग भाग निकले। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने खेतों की पहचान और भौगोलिक स्थिति के आधार पर विधिवत कार्रवाई करते हुए गांजे के पौधे जब्त किए। चारों मामलों में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं
इस तरह चारों मामलों में कुल 9,353 पौधे जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इनका कुल वजन 485 किलो 640 ग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 50 लाख रुपये है
कार्रवाई वाला क्षेत्र वन भूमि के अंतर्गत आता है, जो वन क्षेत्र अधिकार रेंज सिरवेल, जिला खरगोन से संबंधित बताया गया है। इसी वजह से पुलिस के साथ वन विभाग की टीम भी संयुक्त रूप से कार्रवाई में शामिल रही। वन विभाग की टीम ने खेतों की भौगोलिक स्थिति और क्षेत्र की टोपोग्राफी के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस का कहना है कि वन क्षेत्र में जिन लोगों के नाम पर पट्टे हैं, उनकी जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में जिनकी संलिप्तता सामने आएगी, उन्हें प्रकरण में नामजद आरोपी बनाया जाएगा
सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमरे के अनुसार, निशानियापानी और आड़नदी गांव के आसपास के कुछ क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर गांजे की खेती होने की सूचना मिली थी। इसकी जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विभिन्न थानों की टीमें बनाकर संयुक्त कार्रवाई की गई। एसडीओपी ने बताया कि मौके से कुल 9,353 गांजे के पौधे बरामद हुए हैं, जिनका वजन करीब 485 किलो 640 ग्राम है। इनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वन विभाग की मदद से क्षेत्र के पट्टाधारियों और संबंधित व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मामले में जिम्मेदार लोगों को नामजद किया जा सके
बड़वानी पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध गांजे की खेती और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत पिछले दो महीनों में करीब 70 क्विंटल 44 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है।पुलिस ने जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई है। ताजा कार्रवाई में जंगलों के भीतर छिपाकर उगाई जा रही करीब 50 लाख रुपये की फसल मिलने के बाद पुलिस अभियान को एक बड़ी सफलता मान रही है
बड़वानी पुलिस के अनुसार, दुर्गम वन क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर यह कार्रवाई की गई है। वन विभाग के सहयोग से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा
इस बड़ी कार्रवाई में थाना वरला के साथ सेंधवा ग्रामीण, सेंधवा सिटी, जुलवानिया, ठीकरी, सिलावद, निवाली, खेतिया और पुलिस लाइन बड़वानी के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल मामले में मौके से फरार हुए लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं वन क्षेत्र के पट्टाधारियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बड़वानी पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि दुर्गम जंगलों में छिपाकर की जा रही अवैध मादक पदार्थों की खेती पर निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक और विभागीय समन्वय कितना महत्वपूर्ण है
स्रोत: RNI News
