Ayodhya Deepotsav 2026: 7 नवंबर को निकलेगी 21 भव्य झांकियां, 25 कारीगरों ने शुरू किया निर्माण कार्य -

अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में 7 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले 10वें दीपोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार दीपोत्सव में आकर्षण का केंद्र 21 भव्य झांकियां होंगी। इन झांकियों को तैयार करने का काम साकेत महाविद्यालय में शुरू कर दिया गया है। मुरादाबाद और लखनऊ से आए 25 कारीगर इन झांकियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
दीपोत्सव के लिए तैयार की जा रही 21 झांकियों में सूचना विभाग की 14 और संस्कृति विभाग की 7 झांकियां शामिल हैं। इनका निर्माण कार्य आज से शुरू कर दिया गया है। हर बार की तरह इस बार भी झांकियों के निर्माण और निर्देशन की जिम्मेदारी डायरेक्टर डॉ. सवीना जेटली को सौंपी गई है।
इन झांकियों के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और विभिन्न अभियानों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।
दीपोत्सव की झांकियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों के विकास कार्यों और योजनाओं को दर्शाने की तैयारी है।
इनमें दीपोत्सव की भव्यता, नारी शक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, ब्रह्मोस, जल निगम स्वच्छता अभियान, आयुष्मान भारत, डिफेंस कॉरिडोर, डबल इंजन सरकार, स्वच्छ भारत मिशन (SBM), आवास योजना, एक जिला एक उत्पाद (ODOP) और विकसित भारत जैसे विषय शामिल होंगे।
इन झांकियों के जरिए सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आम लोगों के सामने रचनात्मक एवं आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।
डॉ. सवीना जेटली के मुताबिक, सभी झांकियों को 5 नवंबर तक तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद 6 नवंबर 2026 को रिहर्सल के लिए झांकियों को साकेत महाविद्यालय से लता मंगेशकर चौक तक ले जाया जाएगा।
रिहर्सल के बाद 7 नवंबर को सुबह लगभग 11 बजे झांकियां दीपोत्सव कार्यक्रम के तहत निकाली जाएंगी। इसके लिए कारीगर दिन-रात तैयारी में जुटे हुए हैं।
रामनगरी अयोध्या का दीपोत्सव हर साल देश-दुनिया के लोगों का ध्यान आकर्षित करता है। इस बार भी 21 झांकियों के माध्यम से धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास से जुड़े विषयों को प्रस्तुत करने की तैयारी है। झांकियों के निर्माण से लेकर रिहर्सल तक की तैयारियां तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्रोत: Filmitics
