मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अपराधी की कोई जात नहीं होती और पुलिस चुनौती का जवाब देगी। सीएम का बयान तब आया है, जब जमुई छ…

Hindi News /

भारत /

'अपराधी की जाति नहीं होती, मेरी पुलिस जवाब देगी, कानून का राज और न्याय के साथ विकास हमारा लक्ष्य', जमुई छेड़छाड़ कांड के बाद बोले CM सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अपराधी की कोई जात नहीं होती और पुलिस चुनौती का जवाब देगी। सीएम का बयान तब आया है, जब जमुई छेड़छाड़ के मामले में सरकार घिरती हुई नजर आ रही है

3 min read

मंगलवार, 22 सितंबर को राजधानी पटना में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूबे की ऊर्जा जरूरतों और कानून-व्यवस्था पर सरकार का रुख स्पष्ट किया। हाल में जमुई घटना के संदर्भ में अपराधियों को आगाज करते हुए सीएम ने कहा कि सुशासन और कानून के राज से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सीएम का बयान तब आया है, जब जमुई छेड़छाड़ के मामले में सरकार चौतरफा घिरती हुई नजर आ रही है। इस बीच राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला है

‘अपराधी की कोई जात नहीं होती’- सीएम सम्राट चौधरी

कार्यक्रम के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था का जिक्र करते सीएम ने सरकार की अपराध के प्रति जीरो टालरेंस नीति की बात कही। उन्होंने कहा “मैं किसी धर्म के पीछे नहीं पड़ता हूं, लेकिन मेरा यह मानना है, अपराधी अपराधी होता है, अपराधी की जात नहीं होती है।” आगे उन्होंने कहा 'बिहार पुलिस को जब भी कोई अपराधी चुनौती देगा, पुलिस उसका जवाब देगी और पीछे नहीं हटेगी

मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर

गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को सुबह-सुबह खबर आई कि जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई बदसलूकी और छेड़छाड़ के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी नंदन यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी नंदन यादव हाफ एनकाउंटर हुआ

वहीं, एक अन्य आरोपी हरे राम का पैर टूटने की सूचना है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव समेत 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं

विपक्ष का लगातार हमला जारी

जमुई घटना के बाद विपक्षी पार्टियां हमलावर हो गई हैं। तेजस्वी यादव बिहार में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए सीएम सम्राट चौधरी पर लगातार हमला बोल रहे है। तेजस्वी इस घटना को दुखद बताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग कर दी है

क्या है पूरा मामला

यह शर्मनाक घटना 19 सितंबर की है। दरअसल, 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा अपने दोस्त के साथ कोचिंग से पढ़ाई करके घर लौट रही थी। जमुई के मड़वा पहाड़ी इलाके के पास कुछ शोहदों ने जबरन उनका रास्ता रोक लिया। मनचलों ने छात्रा के साथ बदसलूकी और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं

इस बीच जब छात्रा के दोस्त ने विरोध करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित छात्रा और उसका दोस्त हाथ जोड़कर, गिड़गिड़ाकर छोड़ने की भीख मांगते रहे, लेकिन मनचलों का दिल नहीं पसीजा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो 20 सितंबर को तेजी से वायरल हो गया, इसके बाद से मामला ने तूल पकड़ लिया

ये भी पढ़ें: UP: विधानसभा चुनाव को लेकर एक्शन में BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, यूपी दौरे के आखिरी दिन बोले- 2027 में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा