Download APKAPK
होम समाचार देश राजनीति अपराध खेल धर्म मनोरंजन व्यापार टेक लाइफस्टाइल विदेश लखनऊ
अन्य Breaking

26 जनवरी तक जारी रहेगा नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला, हर पांचवें दिन युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी: सीएम योगी -

🕐 11 Nov 2026, 03:10 pm• 4 min padho • Chugal Khor News
26 जनवरी तक जारी रहेगा नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला, हर पांचवें दिन युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी: सीएम योगी -

उत्तर प्रदेश में युवाओं को सरकारी नौकरी देने के अभियान को गति देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजस्व विभाग में नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 किसान परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी ऑनलाइन ट्रांसफर की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला 26 जनवरी तक लगातार जारी रहेगा। हर महीने औसतन हर पांचवें दिन एक बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब युवाओं को उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर सरकारी नौकरी मिल रही है। सरकार की नीयत साफ, नीति स्पष्ट और भर्ती आयोगों की कार्यप्रणाली पारदर्शी हो तो युवाओं को अपने ही प्रदेश में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सैफई सिंडिकेट का कब्जा था। उस समय परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई दूसरा लेकर चला जाता था। भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और सिफारिश का बोलबाला था, जिसके कारण प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था।

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों की सरकारों में अराजकता, परिवारवाद और भ्रष्टाचार ने उत्तर प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाया। युवाओं को अपनी प्रतिभा के अनुरूप अवसर नहीं मिलते थे, जिसके चलते उन्हें दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता था। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करें। सरकारी व्यवस्था में आने के बाद आम नागरिकों के प्रति उनका व्यवहार संवेदनशील और सेवाभाव से भरा होना चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करना है। उन्होंने कहा कि जैसे घड़ी की सेकंड वाली सुई लगातार चलती रहती है, उसी गति से प्रदेश सरकार नियुक्ति पत्र वितरित कर रही है। अभी कई विभागों में भर्तियां पूरी होनी बाकी हैं। सरकार की कोशिश है कि तीसरी पारी शुरू होने से पहले इन विभागों के चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएं।

सीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में अब तक 2.30 लाख से अधिक भर्तियां की जा चुकी हैं। 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और फिलहाल सत्यापन की कार्रवाई चल रही है। वहीं, 42 हजार से अधिक होमगार्ड जवानों की भर्ती भी अंतिम चरण में है। सरकार का प्रयास है कि अगले सप्ताह उन्हें भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएं।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांट रही होती है, तब विपक्ष के नेता सो रहे होते हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि अगर गिनती नहीं आती तो शिवपाल यादव को ट्यूटर रख लेना चाहिए, उन्हें काउंटिंग का पुराना अभ्यास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को भी प्रदेश में हो रहे विकास और युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसरों को देखना चाहिए।मुख्यमंत्री ने दीपावली के दौरान आतिशबाजी और प्रदूषण को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोगों ने धूमधाम से दीपावली मनाई और खूब आतिशबाजी की, यह अच्छी बात है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों ने अपने भ्रष्टाचार से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उन पर कोई चर्चा नहीं होती, लेकिन जब आम जनता एक दिन पटाखे जलाती है तो प्रदूषण की बात होने लगती है। सीएम ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। अब त्योहारों के दौरान दंगे और कर्फ्यू का माहौल नहीं रहता।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना को किसान परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पहले इस योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलता था, जिनके नाम पर कृषि भूमि दर्ज थी। अब खेतिहर मजदूरों, बटाईदारों और उनके परिवारों को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया है। अब तक 1,40,196 किसान परिवारों को इस योजना का लाभ मिल चुका है और विभिन्न जिलों में 5,833 करोड़ 50 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योजना के तहत 4,300 किसान परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी। साथ ही प्रतीकात्मक रूप से 10 किसान परिवारों की महिला लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये के चेक भी सौंपे।मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में पिछली सरकारों से 34 लाख राजस्व वाद विरासत में मिले थे। अब तक राजस्व न्यायालयों के माध्यम से 37 लाख 81 हजार से अधिक मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। भूमि पैमाइश की प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाने के लिए पारंपरिक जरीब के स्थान पर रोवर तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके लिए सरकार ने 445 रोवर मशीनें खरीदी हैं।

स्रोत: Filmitics

शेयर करें X / Twitter ← होम

और खबरें