लखनऊ: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच प्रक्रिया और…
लखनऊ: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच प्रक्रिया और पुलिस रिकॉर्ड को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए पत्र में भानवी सिंह ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
भानवी सिंह का आरोप है कि थाना हजरतगंज की 16 मार्च 2025 की केस डायरी में उनके नाम से ऐसा बयान दर्ज किया गया, जो उन्होंने कभी दिया ही नहीं। उनके मुताबिक, कथित बयान में पति और उनकी बहन साध्वी सिंह के संबंधों को लेकर किसी पत्रकार को जानकारी देने और प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जैसी बातें दर्ज हैं। भानवी सिंह ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि उस दिन वह अपने खिलाफ दर्ज एक अन्य मामले में लिखित जवाब और दस्तावेज देने के लिए हजरतगंज थाने गई थीं।शिकायत में भानवी सिंह ने दावा किया है कि उनके पास तत्कालीन SHO विक्रम सिंह के कार्यालय में दिए गए दस्तावेजों की रिसीविंग भी मौजूद है। उन्होंने मांग की है कि 16 मार्च 2025 की हजरतगंज थाने की CCTV फुटेज सुरक्षित कराकर जांच में शामिल की जाए और उनके द्वारा दिए गए दस्तावेजों व रिसीविंग का सत्यापन कराया जाए।
भानवी सिंह ने पुलिस से यह भी पूछा है कि पत्रकार को जानकारी देने या प्रेस कॉन्फ्रेंस करने संबंधी कथित बयान का मूल आधार क्या है। उन्होंने कथित बयान की मूल रिकॉर्डिंग, हस्ताक्षरयुक्त बयान या अन्य स्वतंत्र साक्ष्य सामने रखने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह जांच कराने की मांग की है कि उनके नाम से कथित बयान पुलिस रिकॉर्ड और आरोपपत्र में किसने और किन परिस्थितियों में दर्ज किया। शिकायत में पुलिस अधिकारियों या अन्य व्यक्तियों की मिलीभगत अथवा जांच प्रक्रिया के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर आपराधिक और विभागीय कार्रवाई की मांग भी की गई है।






टिप्पणियाँ 0