सीएम योगी के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले अभ्यर्थियों के चेहरे, बोले- मेहनत का मिला फल -

उत्तर प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं के लिए बुधवार का दिन खुशियों भरा रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की चयन प्रक्रिया के तहत राजस्व विभाग में नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं ने इसे अपनी मेहनत और संघर्ष का सुखद परिणाम बताया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।
नियुक्ति पत्र पाने वाले सीतापुर के विवेक सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे। पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी रही और बिना किसी परेशानी के उन्हें सफलता मिली। उन्होंने कहा कि भैया दूज के अवसर पर मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए बेहद खास पल है। गोरखपुर की अंकिता सिंह ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि तीन साल की मेहनत के बाद उनका सरकारी नौकरी पाने का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस भर्ती में मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिला है।इस कार्यक्रम में आगरा की आशिया बानो की सफलता भी खास रही। आशिया बानो पहले से ही राजस्व लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं और अब उनका चयन कनिष्ठ सहायक के पद पर हुआ है। योगी सरकार के कार्यकाल में उन्हें दूसरी बार सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करने को गर्व और खुशी का क्षण बताया।
वहीं, पीलीभीत के धीरज कुमार ने कहा कि पांच वर्षों की मेहनत के बाद उन्हें सफलता मिली है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि आवेदन के अलावा किसी तरह का अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ा और न ही भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ा।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत विभिन्न जिलों की लाभार्थी महिलाओं को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए। इस सहायता से उन परिवारों को आर्थिक संबल मिला है, जिनके सामने परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु या दुर्घटना के बाद आजीविका का संकट खड़ा हो गया था। रायबरेली की पूनम ने बताया कि इस धनराशि से वह अपने बच्चों की पढ़ाई और परिवार का खर्च उठा सकेंगी। गुड्डी देवी और रमाकांती पांडेय ने भी कहा कि आर्थिक सहायता से बच्चों की शिक्षा और परिवार के भरण-पोषण में बड़ी मदद मिलेगी।
वहीं, अमेठी की सीमा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस राशि से वह अपने बच्चों का भविष्य संवार सकेंगी। नियुक्ति पत्र वितरण और आर्थिक सहायता के चेक सौंपने के इस कार्यक्रम में एक ओर युवाओं को उनकी मेहनत का फल मिला, तो दूसरी ओर दुर्घटना से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा मिला।
स्रोत: Filmitics
