सात समंदर पार तक पहुंची अयोध्या के दीपोत्सव की गूंज, ऑस्ट्रेलिया से रामनगरी पहुंचे शेन -

अयोध्या के दीपोत्सव की भव्यता अब सात समंदर पार भी लोगों को आकर्षित कर रही है। रामनगरी की रोशनी, धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत और उत्सव की भव्यता देखने के लिए विदेशों से भी पर्यटक पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलिया से आए शेन इन दिनों अयोध्या की खूबसूरती और दीपोत्सव की तैयारियों को करीब से निहार रहे हैं। मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखने के बाद उनके मन में अयोध्या आने की इच्छा जागी और वह हजारों किलोमीटर का सफर तय कर रामनगरी पहुंच गए।
राम की पैड़ी पर बैठकर दीपोत्सव की तैयारियों को निहारते शेन के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई देती है। शहर की सड़कों पर जगमगाती रोशनी, आकर्षक सजावट, सजे हुए चौक-चौराहे, एलईडी स्क्रीन और धार्मिक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां उन्हें खासा प्रभावित कर रही हैं। शेन के मुताबिक, अयोध्या का अनुभव उनके लिए बेहद अद्भुत और अविश्वसनीय है। यहां का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भरा हुआ है और उन्हें इस शहर में एक अलग ही सुकून महसूस हो रहा है।ऑस्ट्रेलिया निवासी शेन भारत की आध्यात्मिक यात्रा पर निकले हैं। भारत आने से पहले वह मलेशिया में थे। वहां भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां और त्योहार को लेकर उत्साह देखकर उन्हें अयोध्या के दीपोत्सव के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने रामनगरी आकर दीपोत्सव की भव्यता को अपनी आंखों से देखने का फैसला किया।
शेन बताते हैं कि अयोध्या के बारे में सुनने के बाद यहां आने की उत्सुकता लगातार बढ़ती गई। अब जब वह खुद रामनगरी पहुंचे हैं तो यहां का नजारा उनकी उम्मीदों से भी कहीं ज्यादा खूबसूरत है। उनके लिए यह यात्रा केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की आध्यात्मिक परंपराओं, संस्कृति और आस्था को करीब से समझने का अवसर भी है।अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर की गई आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक तैयारियां शेन के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। लता मंगेशकर चौक की भव्यता, एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जा रही झलकियां, रोशनी से सजी सड़कें और विभिन्न स्थानों पर हो रही धार्मिक एवं लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां उन्हें बेहद पसंद आ रही हैं।शेन का कहना है कि अयोध्या में अलग-अलग संस्कृतियों और परंपराओं की खूबसूरत झलक देखने को मिल रही है। दीपोत्सव के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत जिस भव्यता के साथ प्रस्तुत की जा रही है, वह उनके लिए बेहद खास अनुभव है। उन्होंने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना की। उनका कहना है कि ऑस्ट्रेलिया से आने के बावजूद वह अयोध्या में खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनके मुताबिक, अयोध्या बेहद सुंदर शहर है और यहां का सकारात्मक माहौल मन को सुकून देता है।
शेन सोमवार तक अयोध्या में रहकर दीपोत्सव और दिवाली की रौनक का आनंद लेंगे। इसके बाद वह वाराणसी के लिए रवाना होंगे। हालांकि, उनकी भारत यात्रा में अयोध्या का पड़ाव खास बन गया है। श्रीराम मंदिर के निर्माण के बाद रामनगरी की वैश्विक पहचान में तेजी से विस्तार हुआ है। बेहतर होती आधारभूत सुविधाएं, विकसित सड़कें, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित दीपोत्सव अयोध्या को विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहे हैं।मलेशिया में अयोध्या के दीपोत्सव की चर्चा सुनकर ऑस्ट्रेलिया से रामनगरी पहुंचे शेन इस बदलती पहचान की एक तस्वीर हैं। उनकी यात्रा यह दर्शाती है कि अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का आकर्षण अब देश की सीमाओं तक सीमित नहीं है। दीपोत्सव की रोशनी के साथ रामनगरी की ख्याति भी दुनिया भर में फैल रही है।
स्रोत: Filmitics
