वाराणसी में प्रस्तावित भव्य एयर शो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी पहुंचकर नमो घाट…

वाराणसी में प्रस्तावित भव्य एयर शो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी पहुंचकर नमो घाट पर आयोजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद सर्किट हाउस सभागार में प्रशासनिक, पुलिस और वायुसेना के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को एयर शो का आयोजन प्रस्तावित है।

कार्यक्रम के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और वायुसेना के अधिकारियों ने मानचित्र के माध्यम से एयर शो की प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल के साथ गंगा के अन्य प्रमुख घाटों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि एयर शो देखने आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए। शहर में पर्याप्त पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएं और वहां स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं। पार्किंग स्थलों पर पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त लाइफ जैकेट और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखते हुए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तैयार रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन के साथ स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लेने के निर्देश दिए। त्योहारी सीजन और शहर में प्रस्तावित अन्य कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की विशेष कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया।एयर शो को लेकर वाराणसी को स्वच्छ और आकर्षक बनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई कराने और शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नमो घाट से अस्सी घाट तक घाटों की पेंटिंग कराने, एयरपोर्ट से शहर तक प्रमुख मार्गों पर विद्युत खंभों को स्पाइरल लाइटों से सजाने और प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण कराने को कहा। वाराणसी विकास प्राधिकरण को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि घाटों पर जमा सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। आयोजन को देखते हुए तीन हजार सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 300 मोबाइल टॉयलेट और 400 वाटर टैंकर की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।