6…

6 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और जननेता रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह जुझारू तेवर वाले ऐसे जननेता थे, जिन्होंने दलितों और वंचितों की आवाज को मजबूती से उठाया। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के माध्यम से सामाजिक चेतना को नई दिशा दी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किया।सुशांत गोल्फ सिटी में गुरुवार को रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान भजन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब पांच दशक पहले बिहार की राजनीति में रामविलास पासवान जैसे युवा नेता का उदय हुआ, जिन्होंने दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए प्रभावी आवाज उठाई। बिहार की जनता ने उन्हें सर्वाधिक मतों से विजयी बनाकर बड़ा सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने भारतीय राजनीति में रहते हुए सामाजिक न्याय और सामाजिक चेतना को मजबूत करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें भी सांसद के रूप में रामविलास पासवान के साथ लंबे समय तक संसद में कार्य करने का अवसर मिला। उनके मन में भारतीय परंपरा और संस्कृति के प्रति सदैव श्रद्धा और सम्मान रहा। दलित और वंचित समाज को न्याय, सम्मान तथा समाज की मुख्यधारा में उचित स्थान दिलाने के लिए उन्होंने लगातार काम किया।

मुख्यमंत्री ने रामविलास पासवान की पुण्यतिथि को बिहार में राष्ट्रीय समारोह के रूप में आयोजित किए जाने के लिए बिहार सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने जो कहा, उसे अपने जीवन में उतारकर दिखाया। उत्तर प्रदेश में पुण्यतिथि के आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि रामविलास पासवान को बिहार में जो सम्मान मिला है, वही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिलाया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान की अनुपस्थिति निश्चित रूप से महसूस होती है, लेकिन इस बात की संतुष्टि है कि उनके पुत्र और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सान्निध्य में चिराग पासवान केंद्रीय मंत्री के रूप में विभिन्न मंचों पर अपनी आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ाया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने अपनी सहजता, स्नेह और सदाशयता से सभी को प्रभावित किया। चुनावी जनसभाओं से लेकर विभिन्न सार्वजनिक अवसरों तक उनका सरल और आत्मीय व्यवहार लोगों के दिल को छू जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान का राजनीतिक जीवन सामाजिक न्याय, वंचितों के अधिकार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनकी विचारधारा और सामाजिक सरोकार आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे।

Forgot your password? Get help