मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी एवं योग्यता आधारित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया ग…
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी एवं योग्यता आधारित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने अवर अभियंता (यांत्रिक) और अवर अभियंता (विद्युत) के कुल 1536 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं। इससे प्रदेश के तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए सरकारी सेवा में प्रवेश का नया अवसर उपलब्ध होगा।
आयोग द्वारा सोमवार को अवर अभियंता (यांत्रिक) के 1156 पदों के लिए तथा अवर अभियंता (विद्युत) के 380 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया है।
यांत्रिक के 1156 पदों के लिए 3 नवंबर से आवेदनअवर अभियंता (यांत्रिक) मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। शुल्क समायोजन एवं आवेदन में अनुमन्य संशोधन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
विद्युत के 380 पदों पर 6 नवंबर से आवेदनअवर अभियंता (विद्युत) मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर 2026 तथा शुल्क समायोजन एवं आवेदन संशोधन की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
पीईटी-2025 के आधार पर होगी मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग दोनों भर्तियों में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2025 में प्रतिभाग किया है और आयोग द्वारा उन्हें पीईटी-2025 का स्कोर कार्ड जारी किया गया है। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग पीईटी-2025 के नार्मलाइज्ड स्कोर और मेरिट के आधार पर की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पीईटी-2025 में वास्तविक अथवा नार्मलाइज्ड स्कोर शून्य या उससे कम/नकारात्मक होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।
पारदर्शी चयन प्रक्रिया पर सरकार का जोर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और योग्यता आधारित चयन पर जोर दे रही है। अवर अभियंता के 1536 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से प्रदेश के तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को सरकारी विभागों में सेवा का अवसर मिलेगा और विभिन्न विभागों के तकनीकी मानव संसाधन को भी मजबूती मिलेगी।
आयोग ने पीईटी-2025 के परिणाम में अंडर इंवेस्टिगेशन (यूआई) और प्रोविजनल श्रेणी में चिह्नित अभ्यर्थियों को भी अंतिम निर्णय होने तक मुख्य परीक्षाओं में आवेदन की सशर्त अनुमति दी है। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग और चयन संबंधी आगे की कार्रवाई आयोग स्तर पर चल रही जांच के अंतिम निर्णय के अधीन होगी।
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर विज्ञापन, पात्रता एवं आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।






टिप्पणियाँ 0