Download APKAPK
होम समाचार देश राजनीति अपराध खेल धर्म मनोरंजन व्यापार टेक लाइफस्टाइल विदेश लखनऊ

यूपी के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल को Go-Live करने की मंजूरी -

🕐 28 Oct 2026, 08:50 am• 2 min padho • Chugal Khor News
यूपी के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल को Go-Live करने की मंजूरी -

उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार की ओर से पत्रकारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत विकसित विशेष पोर्टल को Go-Live करने की मंजूरी दे दी गई है। इसके माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके पात्र आश्रितों को आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाएगा।

लखनऊ स्थित सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने नए पोर्टल की कार्यप्रणाली का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। इस दौरान पत्रकारों के आवेदन, सत्यापन, आयुष्मान कार्ड जारी करने और उसे डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया को लाइव डेमो के माध्यम से समझाया गया। प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।बैठक के दौरान सूचना निदेशक विशाल सिंह ने सभी जनपदीय सूचना अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन सके हैं, उनका विवरण एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही इसकी जानकारी मुख्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्रवाई तेजी से सुनिश्चित की जा सके।

सूचना निदेशक ने कहा कि पत्रकारों और उनके परिजनों को चिकित्सा सुविधा का लाभ समय से मिलना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पोर्टल को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल तैयार किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करना सुनिश्चित करें।इस पहल से प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। पोर्टल के माध्यम से आवेदन और सत्यापन की व्यवस्था व्यवस्थित होने के साथ आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी आसान होगी।बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्रोत: Filmitics

शेयर करें X / Twitter ← होम

और खबरें