उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीण महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रदेश के विकास की नई पहचान बताया है। शारदीय नवरात्रि…

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीण महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रदेश के विकास की नई पहचान बताया है। शारदीय नवरात्रि की चतुर्थी के अवसर पर मां कूष्मांडा के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की महिलाएं अब केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की निर्माता और नए भारत की भाग्य विधाता बन रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मां कूष्मांडा को सृजन, ऊर्जा और समृद्धि की सनातन प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जहां नारी को शक्ति, सम्मान और अवसर मिलता है, वहां अभाव परिश्रम में, परिश्रम आत्मनिर्भरता में और आत्मनिर्भरता समृद्धि में बदल जाती है। महिलाओं का सशक्तिकरण केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे समाज और प्रदेश की प्रगति का आधार बनता है।मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की महिलाओं के पास न पर्याप्त अवसर थे, न संसाधन और न ही सरकार के पास उनके सशक्तिकरण के लिए स्पष्ट नीति और नीयत थी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

बीसी सखी योजना के माध्यम से महिलाएं गांवों में बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं, लखपति दीदी पहल महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि ड्रोन दीदी योजना के जरिए ग्रामीण महिलाएं आधुनिक कृषि तकनीक से जुड़कर खेती के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाश रही हैं। स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से महिलाओं के लिए स्वरोजगार, उद्यमिता और कृषि आधारित आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ आर्थिक गतिविधियों में भी नेतृत्व कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे रही है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की नारी अब केवल परिवार की समृद्धि का आधार नहीं, बल्कि गांव की अर्थव्यवस्था की संचालक और नए उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की नेतृत्वकर्ता बन रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बात पर जोर दिया कि जब गांव की नारी समृद्ध होगी, तभी उत्तर प्रदेश सही मायने में समृद्ध और सशक्त बनेगा। उन्होंने महिलाओं की आत्मनिर्भरता को विकसित उत्तर प्रदेश और नए भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।