Meghalaya News: मेघालय में बड़ा हादसा हो गया. सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान जहरीली गैस लीक हो गई. इस हादसे में असम के 4 मजदूरों की मौत हो गई. रेस्क्यू टीम…

Meghalaya News: मेघालय में बड़ा हादसा हो गया. सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान जहरीली गैस लीक हो गई. इस हादसे में असम के 4 मजदूरों की मौत हो गई. रेस्क्यू टीम ने आनन फानन में बचान अभियान चलाया. जहरीली गैस की चपेट में दो फायरकर्मी भी आ गए

मेघालय के साउथ गारो हिल्स जिले में सेप्टिक टैंक की सफाई और निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया. हादसा रविवार दोपहर करीब 3 बजे रंगडोकराम गांव में हुआ. टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से असम के 4 मजदूरों की मौत हो गई. हादसे में उन्हें बचाने पहुंचे दो फायरकर्मी भी बेहोश हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है

जानकारी के मुताबिक, कुछ मजदूर नए बने सेप्टिक टैंक से जुड़े काम में जुटे थे. इसी दौरान दो मजदूर टैंक खोलने के लिए उसके अंदर पहुंचे, लेकिन जहरीली गैस के संपर्क में आते ही दोनों अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. साथियों ने जब उन्हें टैंक में गिरते देखा तो दो अन्य मजदूर उन्हें बचाने के लिए अंदर चले गए. हालांकि, कुछ ही देर में वे दोनों भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए

मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. इस दौरान दो फायरकर्मी भी सेप्टिक टैंक के अंदर पहुंचे, लेकिन जहरीली गैस के कारण वे भी बेहोश हो गए. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है

पुलिस की शुरुआती जांच में सेप्टिक टैंक के अंदर जमा जहरीली गैस को चारों मजदूरों की मौत की वजह माना जा रहा है. हालांकि, गैस के बनने और हादसे के पीछे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम रंगडोकराम गांव पहुंची. सेप्टिक टैंक जमीन के नीचे बना होने के कारण राहत टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने की थी

रेस्क्यू टीम ने आसपास की मिट्टी हटाकर टैंक तक पहुंचने का रास्ता बनाया. बचाव अभियान के दौरान टैंक से निकल रही जहरीली गैस के संपर्क में आने से दो दमकलकर्मी भी बेहोश हो गए. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया. काफी प्रयास के बाद चारों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी

हादसे में जान गंवाने वाले चारों मजदूर असम के साउथ सालमारा-मनकाचर जिले के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान 34 वर्षीय मोफिदुर रहमान, 41 वर्षीय अजियर रहमान, 20 वर्षीय इस्माइल हुसैन और 22 वर्षीय रकीब हुसैन के रूप में हुई है. मोफिदुर रहमान और अजियर रहमान पुरानदियारा के रहने वाले थे. वहीं इस्माइल हुसैन कालापानी और रकीब हुसैन राधामाधव हाट के निवासी थे

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सेप्टिक टैंक पूरी तरह बंद जगह में बना था. अंदर हवा के आवागमन और गैस बाहर निकलने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की वजह से जहरीली गैस जमा होने की आशंका है. अधिकारियों के मुताबिक, टैंक में हाइड्रोजन सल्फाइड और मीथेन जैसी गैसें जमा हो सकती थीं. इन्हीं गैसों के कारण मजदूरों के दम घुटने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और हादसे की परिस्थितियों की पुष्टि के लिए पुलिस कानूनी और तकनीकी जांच कर रही है