शारदीय नवरात्र की महानवमी पर गोरखनाथ मंदिर में आस्था, श्रद्धा और मातृशक्ति के सम्मान का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाध…
शारदीय नवरात्र की महानवमी पर गोरखनाथ मंदिर में आस्था, श्रद्धा और मातृशक्ति के सम्मान का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरक्षपीठ की वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नन्हीं बेटियों के पांव पखारे, माथे पर तिलक लगाया, चुनरी ओढ़ाई और आरती उतारकर उनका आशीर्वाद लिया। इतना ही नहीं, सीएम योगी ने कन्याओं को अपने हाथों से भोजन परोसकर मातृशक्ति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।गोरखनाथ मंदिर में सोमवार सुबह से ही महानवमी के अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना की। इसके बाद मंदिर के अन्न क्षेत्र में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और श्रीदुर्गासप्तशती के मंत्रों के बीच नौ कन्याओं का पूजन संपन्न हुआ।कन्या पूजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीतल की परात में जल लेकर नौ नन्हीं बालिकाओं के पांव धोए। इसके बाद उनके माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत का तिलक लगाया। पुष्प और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारे से अभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने कन्याओं को माला पहनाई, चुनरी ओढ़ाई और दक्षिणा व उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान गोरखनाथ मंदिर का वातावरण वैदिक मंत्रों और मां दुर्गा की आराधना से भक्तिमय बना रहा।कन्या पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्याओं और बटुकों को मंदिर की रसोई में तैयार भोजन प्रसाद अपने हाथों से परोसा। इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों से आत्मीय संवाद करते नजर आए। सीएम योगी इस बात का विशेष ध्यान रखते रहे कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में प्रसाद की कमी न रहे। इसके लिए उन्होंने मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को भी आवश्यक निर्देश दिए।गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री ने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के साथ बटुक भैरव का भी पूजन किया। इसके अतिरिक्त मंदिर पहुंचे बड़ी संख्या में अन्य बालिकाओं और बटुकों की आरती उतारकर उन्हें भोजन कराया गया। मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल के साथ भूतल पर भी कन्या भोज की विशेष व्यवस्था की गई थी। सभी कन्याओं और बटुकों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराने के बाद दक्षिणा और उपहार प्रदान किए गए।महानवमी पर आयोजित कन्या पूजन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मातृशक्ति के प्रति सम्मान और भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपराओं का संदेश दिया। कन्याओं के प्रति उनका स्नेह और आत्मीयता पूरे आयोजन में दिखाई दी। मुख्यमंत्री के हाथों पूजन और प्रसाद ग्रहण करने को लेकर बच्चों में भी खास उत्साह नजर आया।






टिप्पणियाँ 0