दिल्ली में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है. घटना के बाद जिस युवक की पहचान साहिब सिंह के रूप में हुई है…
दिल्ली में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है. घटना के बाद जिस युवक की पहचान साहिब सिंह के रूप में हुई है, उसके पुराने आपराधिक मामले का भी जिक्र सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, साहिब सिंह के खिलाफ इसी साल जून में दिल्ली के तिलक नगर थाने में MCD के एक अस्थायी कर्मचारी के साथ कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज की गई थी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, यह मामला 2 जून 2026 का है. शिकायतकर्ता धन बहादुर ने पुलिस को बताया था कि वह MCD में अस्थायी कर्मचारी के तौर पर काम करता है. उस दिन उसकी ड्यूटी कूड़ा उठाने वाली गाड़ी पर सहायक के रूप में लगा था. वह ड्राइवर मुकेश के साथ वार्ड नंबर 103 में कूड़ा उठाने गया था. शिकायत के अनुसार, करीब 11 बजे गाड़ी कृष्णापुरी पहुंची थी. इसी दौरान एक लड़की दूसरी मंजिल से कूड़ा गाड़ी में डाल रही थी. उसी समय वहां से एक मोटरसाइकिल गुजर रही थी. शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने लड़की से रुकने के लिए कहा. इसके बाद लड़की ने दूसरी मंजिल से कूड़ा नीचे फेंक दिया और गाड़ी वहां से आगे बढ़ गई
आरोप है कि इसके बाद उसी घर से एक युवक अपने कुछ साथियों के साथ गाड़ी का पीछा करते हुए आया और उसे रुकवा लिया. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसे गाड़ी से नीचे उतारकर मारपीट की गई और आरोपियों ने उसे गलियां दीं, उसे पीटा भी. इसके बाद वह बेहोश हो गया. होश आने पर उसने खुद को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में पाया
शिकायत में एक आरोपी का नाम करन बताया गया था, जबकि अन्य आरोपियों को सामने आने पर पहचानने की बात कही गई थी. पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मौके से CCTV फुटेज भी हासिल की थी. रिपोर्ट के मुताबिक, फुटेज में साहिब सिंह को MCD कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए देखा गया. इस मामले में उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी और वह फिलहाल जमानत पर है
भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि प्रवेश वर्मा के साथ कथित बदसलूकी करने वाला यही व्यक्ति पहले MCD कर्मचारी की पिटाई के मामले में भी आरोपी रहा है. पार्टी ने पोस्ट में FIR और गिरफ्तारी का भी जिक्र किया है






टिप्पणियाँ 0