होम समाचार देश राजनीति अपराध खेल धर्म मनोरंजन व्यापार टेक लाइफस्टाइल विदेश लखनऊ

बिहार के नवादा में डीएम की जनसुनवाई, 30 शिकायतें प्राप्त

🕐 27 Nov 2026, 06:10 pm• 2 min padho • Chugal Khor News
बिहार के नवादा में डीएम की जनसुनवाई, 30 शिकायतें प्राप्त

नवादा: आम लोगों की समस्याओं के समाधान और सरकारी कार्यालयों में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नवादा समाहरणालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 30 परिवाद प्राप्त हुए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर समय सीमा के भीतर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया

बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) के तहत आम नागरिकों को सरकारी कामकाज में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में आम लोगों की शिकायतें सुनी जाती हैं, ताकि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके

जनसुनवाई के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। नवादा सदर थाना क्षेत्र के हरिश्चंद्र तालाब निवासी पार्वती देवी ने बंद राशन कार्ड को दोबारा चालू कराने की मांग की। वहीं, सिरदला थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी बृजनंदन चौधरी ने अपने पुत्र के विद्यालय में नामांकन और प्रवेश की अनुमति से संबंधित आवेदन दिया। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के रैकड़ निवासी डॉली सिन्हा ने भूमि विवाद की शिकायत रखी। जबकि नवादा थाना क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी विजय यादव ने बिजली बिल से जुड़ी समस्या को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा अन्य परिवादियों ने भी विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें और समस्याएं जिला पदाधिकारी के सामने रखीं

जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। वहीं, शेष शिकायतों को जांच और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास भेजा गया

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों का निष्पादन पारदर्शी तरीके से और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित परिवादियों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम लोगों को अपने मामलों की स्थिति जानने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। जनसुनवाई के माध्यम से जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने पर जोर दिया

स्रोत: RNI News

शेयर करें X / Twitter ← होम

और खबरें