उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बस्ती जिले के सदर तहसील अंतर्गत तेलियाजोत गांव पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामं…

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बस्ती जिले के सदर तहसील अंतर्गत तेलियाजोत गांव पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी की माता यशोदा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत यशोदा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर रविवार सुबह करीब 11:15 बजे बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित कुड़ी गांव में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। यहां से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से तेलियाजोत गांव स्थित हरीश द्विवेदी के पैतृक आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और दिवंगत यशोदा देवी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मां का निधन किसी भी संतान के जीवन का सबसे दुखद क्षण होता है। यह पूरे परिवार के लिए अत्यंत कठिन समय है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।मुख्यमंत्री ने हरीश द्विवेदी सहित परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत की और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया।गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी की माता यशोदा देवी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। विगत दिनों उनके निधन से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके निधन पर भाजपा नेताओं और शुभचिंतकों ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की।मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष विनोद राय, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र और हर्रैया विधायक अजय सिंह समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत यशोदा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना प्रदान की।