बड़वानी। शहर की श्रीजी कुंज कॉलोनी में पेयजल की समस्या से रहवासी परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले पांच महीनों से नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण क…
बड़वानी। शहर की श्रीजी कुंज कॉलोनी में पेयजल की समस्या से रहवासी परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले पांच महीनों से नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण करीब 50 से 60 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। नगर पालिका ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है
कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि पहले हर तीसरे दिन नलों से पानी मिलता था, लेकिन अब चार से पांच दिन तक इंतजार करना पड़ता है। जलापूर्ति होने पर भी पानी केवल 10 मिनट तक आता है, जिससे घरेलू जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। कॉलोनी में हैंडपंप और कुएं की सुविधा नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है
पानी की कमी के चलते परिवारों को निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कॉलोनी निवासी कविता तिवारी के मुताबिक, हर 8 से 15 दिन में करीब 300 रुपये खर्च करके टैंकर बुलाना पड़ता है। इससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से खाना बनाने, सफाई और अन्य दैनिक कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं
मामले को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने कहा कि वाटरमैन की जानकारी और रहवासियों की शिकायतों में अंतर है। ऐसे में मौके पर जांच कराकर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के पीछे इंटेकवेल की एक मोटर खराब होना और करीब 20 साल पुराने कई पंपों का इस्तेमाल भी कारण हो सकता है
नगर पालिका प्रतिनिधि के अनुसार, शहर में दो नई पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा दिसंबर में मोटर बदलने की योजना है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद जताई गई है। फिलहाल श्रीजी कुंज कॉलोनी के रहवासी नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि नगर पालिका की जांच के बाद समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं





टिप्पणियाँ 0