दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सीही गांव में 250 फुट गहरे बोरवेल में गिरी बच्ची की आखिरकार मौत हो गई. करीब 10 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आज सुब…

दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सीही गांव में 250 फुट गहरे बोरवेल में गिरी बच्ची की आखिरकार मौत हो गई. करीब 10 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आज सुबह करीब 4 बजे बच्ची को बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया

बता दें कि नेहा नाम की तीन साल की एक बच्ची रविवार (27 सितंबर) शाम को बोरवेल के पास दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी, इसी दौरान वह बोरवेल में गिर गई. बच्ची को बोरवेल से बाहर निकालने के लिए करीबह 10 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन चला. उसके बाद सोमवार सुबह करीब 4 बजे बच्ची को बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, बाहर निकाले जाने पर उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी. उसके बाद बच्ची को तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अब बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा

#WATCH | Faridabad, Haryana: Mother of the three-year-old girl who fell into a borewell says, "I went to make tea and by the time I returned, I heard my child had fallen into the borewell..." pic.twitter.com/iSCkutMyQl

दरअसल, यह घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है. सीही गांव में कुछ बच्चे खेल रहे थे. पास ही एक ट्रैक्टर खड़ा था. खेलते-खेलते बच्चे ट्रैक्टर पर चढ़ गए. बताया जा रहा है कि इसी दौरान नेहा का पैर फिसल गया और वह बोरवेल में गिर गई. सूचना मिलने ही NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं और बच्चे को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. अंधेरे की वजह से कोशिशों में दिक्कत आ रही थी, इसलिए बोरवेल के चारों ओर लाइटें लगाई गईं और स्थिति पर नजर रखने के लिए उसमें एक कैमरा डाला गया. ऑपरेशन के दौरान रेस्क्यू टीम को बच्ची के रोने की आवाज भी सुनाई दे रही थी

NDRF के डिप्टी कमांडेंट कुणाल तिवारी ने बताया कि घटना रविवार शाम करीब 6 बजे हुई और कंट्रोल रूम को शाम 7.45 बजे सूचना मिली. एनडीआरएफ की टीम रात 9.05 बजे मौके पर पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन हरियाणा SDRF, राज्य पुलिस, फायर सर्विस, UP सिविल डिफेंस, मेडिकल डिपार्टमेंट और नगर निगम के साथ मिलकर चलाया गया. बच्ची को सुबह 3.50 बजे बाहर निकाला गया और इलाज के लिए भेजा गया

खबरों के मुताबिक, यह बोरवेल फरीदाबाद नगर निगम का है और बच्ची के पिता रामदीन के मुताबिक, यह लगभग 15 सालों से बंद पड़ा था. उन्होंने बताया कि बोरवेल सिही गांव में नगर निगम की जमीन पर बना था और घटना से कुछ दिन पहले ही इसका ढक्कन हटा दिया गया था या अपनी जगह से हट गया था

जब बच्ची बोरवेल में गिरी, तो आस-पास मौजूद दूसरे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण और उसका परिवार मौके पर पहुंचे. उस समय बच्ची के पिता रामदीन समय काम पर थे. जैसे ही उन्हें घटना के बारे में पता चला वे भी मौके पर पहुंच गए. मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले रामदीन कई सालों से सिही गांव में रह रहे हैं और मजदूरी का काम करते हैं. वह वहां अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं

इससे पहले जुलाई में, हरियाणा के अंबाला जिले में 220 फुट गहरे खुले बोरवेल में चार साल का एक बच्चा गिर गया था. 21 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया