फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करन…

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे पांच दोस्त तालाब में नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। इस हृदयविदारक हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम पसर गया। दुर्गा पूजा की खुशियां पलभर में चीख-पुकार और आंसुओं में बदल गईं।पूरा मामला फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर चक कटोघन गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव के लोग मां दुर्गा की प्रतिमा को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखकर नौबस्ता घाट पर विसर्जन करने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाले एक तालाब में ग्रामीणों ने प्रतिमा का विसर्जन शुरू कर दिया। विसर्जन के दौरान साथ आए पांच दोस्त तालाब में नहाने के लिए उतर गए। लेकिन उन्हें तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था। देखते ही देखते पांचों युवक गहरे पानी में समाने लगे।युवकों को डूबता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही खागा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पांचों युवकों को तालाब से बाहर निकाला और आनन-फानन में नजदीकी हरदो अस्पताल पहुंचाया।लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 20 वर्षीय आदित्य पुत्र राजू साहू, 18 वर्षीय राजा साहू पुत्र बबलू और 16 वर्षीय अभिमन्यु पुत्र गोवर्धन साहू के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से प्रभावित हर्ष और यशवंत का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।