पंजाब की 75 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिली आर्थिक सहायता, ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ के तहत ₹3,824 करोड़ ट्रांसफर
पंजाब सरकार की ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ के तहत अब तक 75 लाख से ज्यादा महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है और उनके बैंक खातों में कुल 3,824.87 करोड़ रुपये की सम्मान राशि सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने योजना को महिलाओं के सम्मान, वित्तीय सहायता और आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य एक करोड़ महिलाओं तक इसका लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की पात्र महिलाओं को 1,000 रुपये और पात्र एससी वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में योजना के लिए 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। राज्य सरकार के अनुसार पंजाब की करीब 97 फीसदी महिलाएं इस योजना के लिए पात्र हो सकती हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि योजना के तहत पहले 73.99 लाख महिलाओं को 2,562.33 करोड़ रुपये दिए जा चुके थे। इसके बाद दूसरी किस्त के रूप में 36.87 लाख महिलाओं के लिए 1,262.54 करोड़ रुपये जारी किए गए। इसके साथ योजना के तहत अब तक ट्रांसफर की गई कुल राशि 3,824.87 करोड़ रुपये हो गई है।
योजना की लाभार्थी गुरमेल कौर उर्फ मेलो ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया। सीएम मान ने भी उन्हें सम्मान के तौर पर उपहार भेंट किए। गुरमेल कौर का वीडियो पहले सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था, जिसके बाद वह योजना से जुड़ी चर्चाओं में प्रमुखता से सामने आई थीं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की हर मां और बहन को ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ की ब्रांड एंबेसडर बताया है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और वित्तीय आत्मनिर्भरता को मजबूत करना भी है। सरकार ने पात्र महिलाओं से पंजीकरण कराने की अपील की है और कहा है कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगी।




टिप्पणियाँ 0