नवादा: बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ पहल के अंतर्गत नवादा में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध…
नवादा: बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ पहल के अंतर्गत नवादा में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं
सोमवार को जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 20 परिवाद प्राप्त हुए। लोगों ने अतिक्रमण, खराब चापाकल, भूमि विवाद और पुलिस से जुड़े मामलों सहित कई समस्याओं को लेकर आवेदन दिए। पकरीबरावां और रजौली क्षेत्र से पहुंचे फरियादियों ने भी अपनी-अपनी शिकायतें जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं
जिला पदाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कुछ मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों के पास जांच और आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई में आने वाले मामलों को लंबित न रखा जाए। सभी शिकायतों की जांच पारदर्शी तरीके से करते हुए निर्धारित समय सीमा में उनका निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को उसके मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि जनसुनवाई की प्रक्रिया प्रभावी और जवाबदेह बनी रहे
नवादा सदर अनुमंडल कार्यालय में भी लोगों की समस्याएं सुनने के लिए जनसुनवाई आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग के समक्ष आम लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी शिकायतें रखीं। अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया
‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ पहल का उद्देश्य सरकारी सेवाओं और कार्यालयों से जुड़े कामकाज में आम लोगों की परेशानियों को कम करना है। नियमित जनसुनवाई के जरिए प्रशासन लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान की प्रक्रिया को तेज करने की कोशिश कर रहा है। नवादा में आयोजित जनसुनवाई में भी अधिकारियों ने शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और नियमसम्मत निपटारे पर विशेष जोर दिया




टिप्पणियाँ 0