Download APKAPK
होम समाचार देश राजनीति अपराध खेल धर्म मनोरंजन व्यापार टेक लाइफस्टाइल विदेश लखनऊ
अन्य Breaking

देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएगी काशी, योगी सरकार ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप -

🕐 12 Nov 2026, 07:00 am• 4 min padho • Chugal Khor News
देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएगी काशी, योगी सरकार ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप -

धर्म और आस्था की नगरी काशी एक बार फिर भव्य देव दीपावली की साक्षी बनने जा रही है। इस वर्ष 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी के सभी प्रमुख घाटों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। देव दीपावली और गंगा महोत्सव की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। इस आयोजन को भव्य बनाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुखद अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।इस वर्ष 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। चार दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं। वहीं 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने स्थित रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। इस आयोजन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीपक भी शामिल होंगे।देव दीपावली का उत्सव केवल गंगा घाटों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी विशेष दीपोत्सव की व्यवस्था की जाएगी। इसी दिन गुरु नानक जयंती होने के कारण शहर के गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत के लिए भी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।

24 नवंबर की शाम काशी के घाटों पर दीपों की रोशनी के साथ कई आकर्षक आयोजन होंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती आयोजित की जाएगी। चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा, जबकि दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। वहीं काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा। इन आयोजनों के जरिए श्रद्धालुओं को भव्य और यादगार अनुभव देने की तैयारी है।देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर बनाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन कैमरों, क्यूआरटी, निजी गोताखोरों और जल पुलिस की तैनाती रहेगी। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय रहेगा। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे और पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से लगातार गश्त करेगी।

गंगा में नावों के संचालन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार नमो घाट से अस्सी घाट तक फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी के माध्यम से टू-वे लेन सिस्टम तैयार किया गया है। इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी, जबकि वापसी के लिए सामने की रेतीली तरफ अलग मार्ग निर्धारित रहेगा। नदी में डीजल चालित और गैर-जनपदीय बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी सक्रिय रहेगा।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया जाएगा। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश और संचालन को नियंत्रित करने के लिए 7 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल अस्पताल समेत प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। इससे किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने देव दीपावली से पहले और बाद में शहर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीपदान का कार्यक्रम संपन्न होते ही घाटों की सफाई कराई जाए, ताकि अगले दिन सुबह स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और टैक्सी संचालकों से संवाद कर पर्यटकों को उचित दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देव दीपावली केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि काशी की संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य सत्कार का भी प्रतीक है। इसमें स्थानीय लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालु काशी से एक सुखद और यादगार अनुभव लेकर लौटें।

स्रोत: Filmitics

शेयर करें X / Twitter ← होम

और खबरें