उत्तर प्रदेश में दुर्गा पूजा, रामनवमी और विजयादशमी के आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमं…

उत्तर प्रदेश में दुर्गा पूजा, रामनवमी और विजयादशमी के आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी पुलिस कमिश्नरों, एडीजी, आईजी, डीआईजी, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्गा पंडालों से लेकर मूर्ति विसर्जन स्थलों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रविवार को बस्ती दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी जिलों में वरिष्ठ अधिकारी स्वयं दुर्गा पंडालों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराएं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को पंडालों का निरीक्षण कर प्रवेश और निकास द्वारों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही पंडालों में बिजली के तारों, विद्युत कनेक्शन और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच के लिए प्रशासन और ऊर्जा विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने रामनवमी, विजयादशमी और मूर्ति विसर्जन के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन, विद्युत विभाग, नगर निगम, नगर निकाय और पेयजल विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें। दुर्गा पंडालों और धार्मिक आयोजनों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और यातायात सहित सभी आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मूर्ति विसर्जन के दौरान निकलने वाली शोभायात्राओं और विसर्जन स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को विसर्जन मार्गों पर बिजली के तारों, स्वच्छता, यातायात और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्था और परंपराओं का पूरा सम्मान किया जाए, लेकिन किसी भी नई परंपरा को प्रोत्साहित न किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि धार्मिक आयोजनों के कारण आम जनता को असुविधा न हो।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस घटना के मद्देनजर उन्होंने उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सभी धार्मिक आयोजन स्थलों पर सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सुरक्षा संबंधी इंतजामों में किसी भी तरह की हीला-हवाली अक्षम्य होगी।