दिल्ली की कला, संस्कृति, विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौ…

दिल्ली की कला, संस्कृति, विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में दिल्ली सरकार और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के बीच सांस्कृतिक और शैक्षणिक सहयोग को लेकर समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए

इस समझौते के तहत दिल्ली के स्थापित और युवा कलाकारों को ICCR की ‘होराइजन सीरीज’ और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सवों में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा. दिल्ली सरकार प्रदर्शन कला, साहित्य, मूर्तिकला, वस्त्र, वास्तुकला, पाक-कला और हस्तशिल्प समेत अलग-अलग क्षेत्रों के कलाकारों की पहचान करेगी

इन कलाकारों की एक एकीकृत डायरेक्टरी तैयार कर ICCR के साथ साझा की जाएगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए दिल्ली के कलाकारों का व्यापक डेटाबेस उपलब्ध हो सकेगा

MOU के तहत दिल्ली में होने वाले सांस्कृतिक और पर्यटन महोत्सवों में विदेशी कलाकारों की भागीदारी को आसान बनाया जाएगा. इसके अलावा भारतीय और विदेशी कलाकारों के लिए आर्ट एग्जीबिशन, आर्टिस्ट रेजिडेंसी कैंप, कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और वर्कशॉप आयोजित किए जाएंगे. ICCR के विशिष्ट आगंतुक और शैक्षणिक आगंतुक कार्यक्रम के तहत दिल्ली आने वाले विदेशी कलाकारों, विद्वानों और अतिथियों की मेजबानी भी की जाएगी

ICCR से जुड़े विदेशी छात्रों के लिए दिल्ली में स्टडी कैंप और परिचयात्मक यात्राएं आयोजित की जाएंगी. इसके जरिए दिल्ली के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की योजना है. इसके साथ ही ICCR के अंतरराष्ट्रीय छात्र नेटवर्क के माध्यम से दिल्ली के प्रमुख विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों का भी वैश्विक स्तर पर प्रचार किया जाएगा

दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की भागीदारी से जुड़े खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी. वहीं, ICCR विदेशी प्रतिभागियों की पहचान, वीजा और भारत यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं में सहयोग करेगा

विदेशों में होने वाले कार्यक्रमों में दिल्ली के कलाकारों और सांस्कृतिक दलों की भागीदारी के लिए हवाई यात्रा, परिवहन, वीजा और जरूरी सरकारी मंजूरियों से जुड़े खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी. ICCR कलाकारों के अंतरराष्ट्रीय प्रवास, प्रस्तुतियों, प्रचार और चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग करेगा

MOU के क्रियान्वयन के लिए एक संयुक्त उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाएगा. समिति में ICCR के महानिदेशक या उनके प्रतिनिधि, दिल्ली सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और ICCR के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रमुख शामिल होंगे. यह समिति हर साल न्यूनतम वार्षिक गतिविधि योजना तैयार करेगी. समझौता हस्ताक्षर की तारीख से 5 साल तक प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से अगले 5 साल के लिए बढ़ाया जा सकेगा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विकास के साथ दिल्ली की समृद्ध विरासत, कला और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच देना सरकार की प्राथमिकता है. वहीं, कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इस MOU से दिल्ली के कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा, प्रतिभाओं का डेटाबेस तैयार होगा और विदेशी कलाकारों एवं विद्वानों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा