उत्तर प्रदेश के शामली में विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा भी श्री मंदिर हनुमान टीला हनुमान ध…
उत्तर प्रदेश के शामली में विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा भी श्री मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया और अपने संबोधन के दौरान विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, “जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं।”
शामली के श्री मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम में 57 वर्षों से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। विजयदशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सुरेश राणा ने भगवान श्रीराम के आदर्शों और सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
– सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में स्मृति परेड में शामिल होकर शहीद पुलिसकर्मियों को देंगे श्रद्धांजलि
इस दौरान उनके बयान की काफी चर्चा रही। उन्होंने लोगों को सत्य के मार्ग पर चलने और बुराई का त्याग करने का संदेश भी दिया।
विजयदशमी के अवसर पर कार्यक्रम में रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम की सेना शोभायात्रा के साथ युद्ध स्थल पर पहुंची, जहां रामलीला के मंचन के दौरान भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया। इसके बाद रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया।
पुतला दहन के दौरान पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। आतिशबाजी ने आसमान को रोशन कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच विजयदशमी का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। शामली में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक उत्साह के साथ सुरेश राणा का बयान भी चर्चा का विषय बना रहा।






टिप्पणियाँ 0