3…
3 दशहरा के अवसर पर योगी सरकार ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को बड़ी सौगात देने की तैयारी की है। किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत कृषि यंत्र और कृषि रक्षा उपकरण अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए किसान 7 से 20 अक्टूबर तक कृषि विभाग की वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
संयुक्त कृषि निदेशक (अभियंत्रण) बलराम वर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM) योजना में 2166 कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। वहीं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के तहत 1755 कृषि यंत्रों के लिए अनुदान का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा अन्य योजनाओं के तहत भी कृषि यंत्र एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक के लिए 10-10 लाख रुपये तक के प्रावधान के साथ किसानों को लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा किसान ड्रोन और अन्य एकल कृषि यंत्रों पर भी अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
फसल अवशेष प्रबंधन के तहत एकल कृषि यंत्र और कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 30 लाख रुपये तक के प्रावधान के साथ आवेदन किए जा सकेंगे। इसी तरह त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत मेज सेलर और मिलेट पर्लर, कीट रोग नियंत्रण योजना के तहत कृषि रक्षा यंत्र तथा सीडीपी योजना के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए किसान आवेदन कर सकेंगे।
संयुक्त कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि यंत्रों की बुकिंग और जनपदवार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। किसान www.agriculture.up.gov.in पर जाकर किसान कॉर्नर में ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर कृषि यंत्रों की उपलब्धता, बुकिंग, अनुदान की प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।सरकार की इस पहल से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और मशीनरी उपलब्ध होने के साथ खेती की लागत कम करने तथा कृषि कार्यों को अधिक आसान और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
Forgot your password? Get help





टिप्पणियाँ 0