जहानाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विकास व्यवस्था को सशक्त बनाने और जन-कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सीधे परिवारों तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जहानाबाद जिल…

जहानाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विकास व्यवस्था को सशक्त बनाने और जन-कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सीधे परिवारों तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जहानाबाद जिले के काको प्रखंड स्थित अमथुआ गांव में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-142 (वार्ड नंबर-6) में आयोजित इस राज्यव्यापी अभियान में बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री ने पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्वलित कर और हवा में गुब्बारे छोड़कर की। इस अवसर पर बच्चों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर पूरे माहौल को उल्लास से भर दिया

कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ काफी समय बिताया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई और दैनिक गतिविधियों के बारे में आत्मीयता से बातचीत की। इस दौरान बच्चों ने बड़े ही उत्साह के साथ मंत्री को अपनी प्यारी-प्यारी कविताएं सुनाईं। मंत्री ने न सिर्फ बच्चों की प्रतिभा की सराहना की, बल्कि उनका मुंह मीठा कराकर उन्हें सुंदर उपहार भी भेंट किए

‘आंगन का मिलन’ अभियान का मुख्य ध्येय महिलाओं के सशक्तीकरण और बच्चों के पोषण को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों और सामाजिक कल्याण योजनाओं से जुड़े सूचनात्मक स्टॉल भी लगाए गए थे। समारोह में मंत्री ने स्वयं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी की और उन्हें पोषण किट व उपहार प्रदान किए। इसके अलावा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं और जीविका दीदियों को प्रशस्ति पत्र सौंपकर उनके समर्पण की सराहना की गई। 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान में जीविका दीदियां और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पोषण व स्वास्थ्य के प्रति अलख जगा रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं, पोषाहार वितरण और शैक्षणिक संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण कर गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण और बच्चों की शुरुआती शिक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस विशेष अवसर पर जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, उप विकास आयुक्त, अंचलाधिकारी सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त भाजपा और जदयू के जिलाध्यक्षों समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर अभियान को अपना समर्थन दिया