जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, लश्कर का शीर्ष आतंकी ढेर

Budgam Encounter: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई. जिसमें लश्कर-ए-तैयबा का एक शीर्ष आतंकी मारा गया. अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का एक शीर्ष आतंकवादी मारा गया. वह जम्मू-कश्मीर में कई हमलों में वांछित था. सुरक्षा अधिकारियों ने मारे गए आतंकवादी की पहचान सुलेमान शाह उर्फ 'मूसा' के तौर पर की है. हालांकि, सेना की चिनार कोर ने मारे गए आतंकवादी की पहचान का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया है
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके में गुरुवटकलन में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया. बडगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिप्रसाद के.के. एक आतंकी के मारे जाने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि ऑपरेशन अभी भी जारी है
अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की पक्की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने गुरुवटकलन में एक संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया. अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान तेज किया और संदिग्ध ठिकाने की ओर बढ़ने लगे तो इलाके में छिपे हुए आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका सुरक्षा बलों ने भी मुहं तोड़ जवाब दिया और एक आतंकी को मार गिराया
OP KORAG, YousmargBased on specific intelligence input, a Joint Search Operation was launched by #IndianArmy, @JmuKmrPolice and @crpf_srinagar in general area Korag, Yousmarg.Vigilant troops observed suspicious activity and upon being challenged, terrorists opened fire,…
मुठभेड़ के बाद अभी भी इलाके में सुरक्षा बल सर्च अभियान चला रहे हैं. जिससे पता लगाया जा सके कि अभी कोई और आतंकी वहां छुपा हुआ तो नहीं है. पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है. वहीं पीर पंजाल रेंज में घने जंगल वाले इलाके की घेराबंदी कर दी गई है ताकि बचे हुए आतंकवादी भाग न सकें. घटनास्थल पर और बल भेजे गए हैं और पूरी सतर्कता के साथ तलाशी अभियान जारी है
भारतीय सेना की चिनार कोर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. जिसमें बताया कि मध्य कश्मीर के कोराग, यूसमर्ग इलाके में राष्ट्रीय राइफल्स और अन्य सुरक्षा बलों के जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और संदिग्ध आतंकवादियों को चुनौती दी, जिसके बाद यह ऑपरेशन चलाया गया. इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की पक्की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया
जैसे ही सुरक्षा कर्मियों ने तलाशी तेज की, आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे दोनों तरफ से गोलीबारी होने लगी. इस मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया. बयान में कहा गया, "सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और जब उन्हें चुनौती दी गई, तो आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे जबरदस्त गोलीबारी हुई और इस दौरान एक आतंकवादी मारा गया."
अधिकारियों ने बताया कि मूसा, पिछले कुछ सालों से पीर पंजाल रेंज के दोनों ओर कई हमलों के सिलसिले में वांछित था, इस महीने की शुरुआत में यूसमर्ग पहाड़ियों में हुई एक मुठभेड़ से बच निकला था. 5 सितंबर को हुई मुठभेड़ में उसका करीबी सहयोगी यासिर मारा गया था. अधिकारियों ने कहा कि मूसा का मारा जाना जम्मू-कश्मीर में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है
स्रोत: NewsNation TV
