ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान वित्तीय समावेशन और बीमा को लेकर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुर…
ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान वित्तीय समावेशन और बीमा को लेकर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक बीमा की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहरी और सक्षम वर्ग में बीमा को लेकर जागरूकता बढ़ी है, लेकिन गांवों और कमजोर परिवारों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अभी जरूरत है। बीमारी, दुर्घटना या किसी विपरीत परिस्थिति में बीमा परिवारों को बड़े आर्थिक नुकसान से बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
सुरेश खन्ना ने बीमा एजेंटों और कंपनियों से अपील की कि वे सिर्फ पॉलिसी बेचने तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों को प्रीमियम, नवीनीकरण, पॉलिसी की शर्तों और क्लेम की प्रक्रिया की पूरी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय स्तर पर लोगों से जुड़े व्यक्तियों के माध्यम से भी बीमा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। उन्होंने थर्ड पार्टी इंश्योरेंस का उदाहरण देते हुए कहा कि वाहन मालिकों को इसके महत्व के बारे में जागरूक करना जरूरी है, क्योंकि दुर्घटना की स्थिति में इसका अभाव बड़ी आर्थिक परेशानी खड़ी कर सकता है।
कार्यक्रम में हेल्थ इंश्योरेंस, क्लेम प्रक्रिया और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की जानकारी भी दी गई। वित्त मंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी के इलाज का खर्च पहले कई परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बन जाता था, लेकिन आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलता है। सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज के साथ योजना में देशभर में पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी है। उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे मंचों के जरिए बीमा और वित्तीय योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के प्रयास तेज किए जाने चाहिए।
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help






टिप्पणियाँ 0