गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के धौसहर उर्फ बेलवाबारी गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस…

गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के धौसहर उर्फ बेलवाबारी गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्धों ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी चाचा-भतीजे बताए जा रहे हैं। वहीं, दो अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गए

2 अक्टूबर को धन निरंकार आश्रम के पास सड़क किनारे गोवंश के क्षत-विक्षत अवशेष मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एसओजी, एलआईयू और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की

घटना से नाराज ग्रामीणों ने गोला-कौड़ीराम मार्ग पर चिलवा पुल के पास जाम लगा दिया था। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और कार्रवाई का भरोसा दिया। करीब 36 घंटे के भीतर कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया

पुलिस ने मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित कीं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों की पहचान के बाद संभावित ठिकानों पर दबिश और विभिन्न स्थानों पर चेकिंग बढ़ाई गई

पुलिस के अनुसार, तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच मालन पार रोड पर चीनी मिल चौकी क्षेत्र में टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर चार लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान एक बाइक सवार ने टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राजू उर्फ हबीबुल रहमान, निवासी सिकरीगंज, के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में लेकर उपचार के लिए भेजा

पुलिस के मुताबिक, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार नूरुल हसन भी हड़बड़ाकर गिर गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी आपस में चाचा-भतीजे हैं। वहीं, दोनों मोटरसाइकिलों पर पीछे बैठे दो अन्य लोग बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोवंश के अवशेष घटनास्थल तक कैसे पहुंचे। साथ ही फरार आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राजू उर्फ हबीबुल रहमान का फिलहाल कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है, हालांकि इस संबंध में जांच जारी है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है