गोरखपुर मंडल के 50 हजार युवाओं को सीएम योगी देंगे टैबलेट की सौगात

गोरखपुर मंडल के 50 हजार युवाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। 20 नवंबर को रामगढ़ताल स्थित चंपा देवी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवाओं को टैबलेट वितरित करेंगे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत होने वाले इस आयोजन में गोरखपुर के 35 हजार और देवरिया, कुशीनगर तथा महराजगंज के पांच-पांच हजार विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। सरकार की इस पहल का मकसद युवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के साथ उनकी शिक्षा, कौशल और रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करना है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 20 नवंबर को होने वाले समारोह में गोरखपुर मंडल के चारों जिलों के विद्यार्थी शामिल होंगे। आंकड़ों के मुताबिक, सबसे बड़ा हिस्सा गोरखपुर जिले का होगा, जहां 35 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। वहीं देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के पांच-पांच हजार विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इस तरह एक ही कार्यक्रम में कुल 50 हजार युवाओं को डिजिटल डिवाइस उपलब्ध कराए जाएंगे
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत गोरखपुर में वर्ष 2021-22 से डिजिटल उपकरणों के वितरण का सिलसिला लगातार जारी है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के मुताबिक, योजना शुरू होने से अब तक जिले के एक लाख 41 हजार 85 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। जिले में उपलब्ध शत-प्रतिशत स्मार्टफोन का वितरण पहले ही पूरा कराया जा चुका है। वहीं शेष 52 हजार 800 टैबलेट के वितरण की प्रक्रिया विभिन्न महाविद्यालयों के माध्यम से तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में 20 नवंबर को बड़े स्तर पर टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिलाधिकारी का मानना है कि इस योजना से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध होने के साथ नौकरी और स्वरोजगार के नए अवसरों तक पहुंच बनाने में भी मदद मिल रही है
दरअसल, प्रदेश सरकार ने डिजिटल इंडिया के विजन को आगे बढ़ाने और युवाओं को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत की थी। इसके दायरे में केवल विश्वविद्यालयों के नियमित विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि उच्च एवं उच्चतर शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं। इसके अलावा डिप्लोमा, कौशल विकास यानी स्किल डेवलपमेंट, पैरामेडिकल और नर्सिंग जैसे विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य आर्थिक या अन्य कारणों से डिजिटल संसाधनों से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों को तकनीक के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देना है
योजना के तहत दिए जा रहे टैबलेट और स्मार्टफोन अब विद्यार्थियों के लिए सिर्फ एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि शिक्षा और जानकारी हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। इन डिवाइस के जरिए छात्र-छात्राओं को सरकार के अलग-अलग विभागों की विकासपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं की नवीनतम जानकारी मिल रही है। वहीं विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और दूसरे शिक्षण संस्थानों की ओर से फ्लैश मैसेज के माध्यम से कक्षाओं, पाठ्यक्रमों और परीक्षाओं से जुड़ी जरूरी सूचनाएं भी सीधे विद्यार्थियों तक पहुंचाई जा रही हैं। इससे उन्हें समय पर शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी मिलती है और पढ़ाई से संबंधित जरूरी अपडेट के लिए अलग-अलग जगह भटकना नहीं पड़ता
सूचना और संचार प्रौद्योगिकी यानी आईसीटी के इस दौर में स्मार्टफोन और टैबलेट विद्यार्थियों की जरूरत का अहम हिस्सा बन चुके हैं। योजना का उद्देश्य युवाओं को उनके शैक्षिक पाठ्यक्रमों को बेहतर ढंग से पूरा करने में सहायता देना भी है। इंटरनेट की उपलब्धता से विद्यार्थी अब देश-दुनिया की ताजा घटनाओं से जुड़ पा रहे हैं। इसके साथ ही अपने विषयों से संबंधित उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री और डिजिटल कंटेंट भी आसानी से हासिल कर सकते हैं। शिक्षा पूरी करने के बाद यही उपकरण उन्हें सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने, विभिन्न अवसरों के लिए आवेदन करने और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने में मददगार साबित हो सकते हैं। इस तरह तकनीक के इस्तेमाल से युवाओं में डिजिटल समझ विकसित होने के साथ उनके ज्ञान और कौशल में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है। 20 नवंबर को गोरखपुर में होने वाला टैबलेट वितरण कार्यक्रम सिर्फ उपकरण बांटने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल के युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार की एक बड़ी पहल के तौर पर देखा जा रहा है
स्रोत: RNI News
