Download APKAPK
होम समाचार देश राजनीति अपराध खेल धर्म मनोरंजन व्यापार टेक लाइफस्टाइल विदेश लखनऊ

गोरखपुर को सीएम योगी ने दी बड़ी सौगात, शहीदों को नमन विपक्ष पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री

🕐 01 Nov 2026, 03:40 pm• 12 min padho • Chugal Khor News
गोरखपुर को सीएम योगी ने दी बड़ी सौगात, शहीदों को नमन विपक्ष पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री

गोरखपुर के ऐतिहासिक चौरी-चौरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹288 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा की ऐतिहासिक क्रांतिकारी धरती को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने भोपा बाजार रेलवे ओवरब्रिज को शहीदों की स्मृति से जोड़ने की इच्छा जताई। वहीं, किसानों को अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए नए पैकेज का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर राजनीतिक हमला बोला। कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, व्यापारियों की सुरक्षा, रोजगार और गरीबों के कल्याण को लेकर पिछली सरकारों पर सवाल उठाए। साथ ही गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए चौरी-चौरा के विकास को और गति देने का भरोसा दिलाया

क्रांतिकारियों की धरती चौरी-चौरा को मुख्यमंत्री ने किया नमन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत धार्मिक और राष्ट्रभक्ति के उद्घोष के साथ की। उन्होंने सियावर रामचंद्र भगवान, पवनसुत हनुमान, वृंदावन बिहारी लाल, भारत माता और बाबा गोरखनाथ के जयकारे लगाए। मां तरकुलहा देवी को नमन करते हुए चौरी-चौरा की ऐतिहासिक धरती और यहां के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बांसगांव के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, चौरी-चौरा विधायक सरवन निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, खजनी विधायक श्रीराम चौहान, सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला, पूर्व सांसद जयप्रकाश निषाद, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय गौतम सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं जनता का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौरी-चौरा की धरती केवल गोरखपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में विशेष स्थान रखती है। यह वह धरती है जिसने देश को शहीद बंधु सिंह और चौरी-चौरा के महान क्रांतिकारी दिए। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों को सदैव याद किया जाना चाहिए

172 क्रांतिकारियों को सुनाई गई थी फांसी की सजा, मालवीय जी ने की थी पैरवी

मुख्यमंत्री ने 4 फरवरी 1922 की ऐतिहासिक चौरी-चौरा घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजी हुकूमत ने इस घटना के बाद 172 लोगों को गिरफ्तार कर फांसी की सजा सुनाई थी। उन्होंने पंडित मदन मोहन मालवीय की पैरवी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से बचाने में सफलता मिली। मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा आंदोलन से जुड़े भगवान अहीर, नजर अली, कोबल सिंह यादव, लाल मोहम्मद, मेघू तिवारी, अब्दुल्लाह, श्याम सुंदर, महादेव सिंह, विक्रम अहीर, मेघू अली, कालीचरण, लोटू कुहार, रघुवीर सुनार, रामलखन, रामरूप, सहदेव, रुदली केवट, संपत अहीर और सीताराम सहित अन्य क्रांतिकारियों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि इन क्रांतिकारियों ने आजादी के लिए जाति, परिवार और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर संघर्ष किया था। उनका एकमात्र उद्देश्य भारत को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराना था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में देश की एकता कमजोर थी और विदेशी ताकतों ने इसी विभाजन का लाभ उठाकर भारत को गुलाम बनाया था। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व और पंडित जवाहरलाल नेहरू का जिक्र करते हुए कहा कि चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी के लिए पंडित मदन मोहन मालवीय आगे आए थे।मुख्यमंत्री ने पंडित मदन मोहन मालवीय को भारत रत्न दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके योगदान और स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है

भोपा बाजार फ्लाईओवर को शहीदों के नाम से पहचान देने की इच्छा

मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा में भोपा बाजार रेलवे लाइन के कारण लगने वाले जाम की समस्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले यहां घंटों तक जाम लगा रहता था और आवागमन में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, तत्कालीन विधायक संगीता यादव, जयप्रकाश निषाद और वर्तमान विधायक सरवन निषाद सहित जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या को उठाया था। आज यहां फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज अथवा यहां के क्रांतिकारियों की स्मृति से जुड़ा होना चाहिए। यह उन शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि चौरी-चौरा का नाम देश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। इसकी पहचान किसी एक बाजार या कस्बे से नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम में इसके ऐतिहासिक योगदान से है

मां तरकुलहा देवी मंदिर के सुंदरीकरण का जिक्र, बंधु सिंह को किया याद

मुख्यमंत्री ने मां तरकुलहा देवी के मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है।उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारी बाबू बंधु सिंह को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंधु सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत की चूलें हिलाने का काम किया था और उन्हें गोरखपुर में फांसी दी गई थी। उन्होंने प्रचलित ऐतिहासिक मान्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि बंधु सिंह को फांसी देने के कई प्रयास असफल हुए थे। अंततः उन्होंने मां तरकुलहा देवी का स्मरण करते हुए स्वयं बलिदान स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने मां तरकुलहा देवी मंदिर के सुंदरीकरण के लिए कार्य किया है। यह स्थल श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है

₹288 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, दीपावली और छठ से पहले जनता को उपहार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र में ₹288 करोड़ की विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित करने के लिए सरकार यहां आई है।उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ महापर्व से ठीक पहले यह चौरी-चौरा की जनता के लिए सरकार की ओर से उपहार है। मुख्यमंत्री ने भोपा बाजार फ्लाईओवर के निर्माण में मुआवजे पर हुए खर्च का जिक्र करते हुए कहा कि इस परियोजना में मार्ग निर्माण से भी अधिक धनराशि मुआवजे पर खर्च की गई है, ताकि लोगों का आवागमन बाधित न हो। उन्होंने बाजार के व्यापारियों को आश्वस्त किया कि दुकानों को नुकसान पहुंचाए बिना बाजार तक बेहतर रास्ता बनाने की संभावना पर काम किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी केवल व्यवसायी नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। व्यापार चलता है तो रोजगार पैदा होता है और बाजार में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं। इसलिए किसी भी व्यापारी को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए

नगर पंचायत को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने का ऐलान

मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा नगर पंचायत के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष ने उनसे कार्यालय भवन की आवश्यकता बताई थी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन की व्यवस्था कर दीजिए, सरकार भवन निर्माण के लिए धन उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की बात कही।इसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं-पूरे नगर पंचायत क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से कवर करना।सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना।सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना।पार्किंग की व्यवस्था करना।जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र की सुविधा।आय एवं निवास प्रमाणपत्र जैसी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना।युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा।नाली और अन्य बुनियादी विकास कार्यों को गति देना।मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं है। आवश्यकता केवल कार्य करने की इच्छाशक्ति और समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा करने की है

सपा-कांग्रेस पर मुख्यमंत्री का बड़ा हमला, बोले- सपा का मतलब बदमाशों को बुलाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में व्यापारी सुरक्षित नहीं थे, बेटियां स्कूल जाने में डरती थीं और गरीबों की जमीनों पर दबंग कब्जा कर लेते थे। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और त्योहारों के समय भी उपद्रव तथा कर्फ्यू जैसी परिस्थितियां बनती थीं। उन्होंने कहा कि उस समय एक नारा चलता था- देख सपाई बिटिया घबराई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई जगह नहीं है। उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का मतलब बदमाशों को बुलाना और भारतीय जनता पार्टी का मतलब बदलाव का सारथी बनना है। मुख्यमंत्री ने सपा की पिछली सरकारों पर अपराध और दंगों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में 1500 दंगे हुए और माफिया तथा अपराधियों का प्रभाव बढ़ा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है और अब गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों तथा महिलाओं की सुरक्षा को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है

मोदी सरकार की योजनाओं का किया जिक्र, 46 करोड़ गरीबों को गरीबी से बाहर निकालने का दावा

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में 46 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि गरीबों के जीवन स्तर में बदलाव आया है।मुख्यमंत्री ने निम्नलिखित योजनाओं का उल्लेख किया-गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास।घरों में शौचालय निर्माण।मुफ्त राशन की सुविधा।आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य उपचार की सुविधा।जनधन योजना के तहत बैंक खाते

डिजिटल भुगतान और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से लगभग 55 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है।उन्होंने जनधन खातों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का पैसा लाभार्थियों तक पहुंचने से पहले बिचौलियों के कारण कम हो जाता था। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए यह सुनिश्चित किया कि सरकार की ओर से भेजा गया पूरा पैसा सीधे गरीब के खाते में पहुंचे। उन्होंने डिजिटल ट्रांजेक्शन को भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया

अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगा नया पैकेज

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों को संबोधित करते हुए हाल ही में साइक्लोन के कारण हुई असमय बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले भी किसानों को मुआवजा दिया है, लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सभी जिला प्रशासन को फसलों के नुकसान का पूरा सर्वे कराने और तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि डबल इंजन की सरकार नुकसान की भरपाई के लिए नया पैकेज लेकर आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार गंभीरता से काम करेगी और अन्नदाता किसानों को राहत पहुंचाई जाएगी

10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा, वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज का जिक्र

मुख्यमंत्री ने रोजगार और औद्योगिक विकास के मुद्दे पर कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले दस वर्षों में दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन जैसी योजनाओं का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है और विकास को नई गति मिली है।उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गरीब, किसान, व्यापारी और नौजवान सभी को विकास का लाभ मिले

गोरखपुर में खाद कारखाना, एम्स और चीनी मिल का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि कभी लोगों को लगता था कि गोरखपुर में खाद कारखाना दोबारा शुरू नहीं हो पाएगा, लेकिन आज यह चालू है। उन्होंने पिपराइच चीनी मिल का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां नई चीनी मिल स्थापित हुई है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर एम्स के संचालन और चारों ओर फोरलेन कनेक्टिविटी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में बड़े पैमाने पर निवेश आया है और हजारों नौजवानों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए इच्छाशक्ति जरूरी है। जब पूरे प्रदेश को अपना परिवार माना जाता है तो विकास में भेदभाव की गुंजाइश नहीं रहती। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर सरकार उनके सुख-दुख में सहभागी बनने के संकल्प के साथ काम कर रही है

विपक्ष पर फिर बरसे योगी, बोले- उत्तर प्रदेश अब पतन नहीं, प्रगति की धरती है

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध, दंगे और अव्यवस्था से जुड़ गई थी, लेकिन आज प्रदेश की छवि बदल रही है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कर्फ्यू और दंगों की स्थिति नहीं है, बल्कि उत्सव और विकास का माहौल है। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश की सुरक्षा, रोजगार और किसानों की खुशहाली को प्रभावित किया। उन्होंने विपक्षी दलों पर दुष्प्रचार करने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।मुख्यमंत्री ने कहा कि देश जब आजादी के शताब्दी महोत्सव की तैयारी कर रहा है, तब नक्सलवाद, आतंकवाद, अलगाववाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की जरूरत है। उन्होंने जनता से ऐसे तत्वों के प्रति सतर्क रहने और विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोग किस नैतिकता की बात करते हैं, जबकि उनके अनुसार पिछली सरकारों में प्रदेश को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था

जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों की बाधाएं दूर करने का भरोसा

मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा के जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई जाने वाली विकास संबंधी मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि सांसद कमलेश पासवान, मंत्री संजय निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव और स्थानीय जनप्रतिनिधि जब भी विकास का प्रस्ताव लेकर आएंगे, सरकार उनकी योजनाओं में आने वाली बाधाओं को दूर करेगी। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा और चौरी-चौरा को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर ₹288 करोड़ की परियोजनाओं के लिए चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। उन्होंने इन परियोजनाओं को दीपावली और छठ महापर्व का उपहार बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों की स्मृतियों को नमन किया और मां तरकुलहा देवी के पावन मंदिर को श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया

स्रोत: RNI News

शेयर करें X / Twitter ← होम

और खबरें