केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'प्रहार-सीटी' सम्मेलन का उद्घाटन किया, नया प्रत्यर्पण पोर्टल लॉन्च

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को नई दिल्ली में ‘प्रहार-CT (आतंकवाद-रोधी) नीति और रणनीति’ पर आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन किया. सम्मेलन में आतंकवाद के खिलाफ देश की रणनीति को और मजबूत करने, एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और आतंकवाद की घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई को लेकर विस्तार से चर्चा हुईR
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है. उन्होंने कहा कि बदलते आतंकी खतरों को देखते हुए देश की आतंकवाद-रोधी व्यवस्था को लगातार मजबूत करने की जरूरत है
सम्मेलन में ‘प्रहार’ रणनीति के सात प्रमुख स्तंभों पर चर्चा की गई. इनमें रोकथाम, प्रतिक्रिया, आंतरिक क्षमताओं का एकीकरण, मानवाधिकारों का संरक्षण, अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में तालमेल, Whole-of-Society Approach और रिकवरी एवं लचीलापन शामिल हैं
अमित शाह ने कहा कि पिछले वर्षों में हुई आतंकी घटनाओं का गहराई से विश्लेषण कर अगले 10 वर्षों के लिए एक मजबूत और ठोस ‘प्रहार’ तंत्र तैयार किया जाना चाहिए. इसके लिए केंद्र और राज्य स्तर की सभी संबंधित एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय जरूरी है
गृह मंत्री ने ‘प्रहार’ रणनीति को केवल उच्च स्तर तक सीमित रखने के बजाय थाना स्तर तक लागू करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आतंकवाद से जुड़ी किसी भी सूचना पर कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए
उन्होंने ‘प्रहार’ फ्रेमवर्क के प्रत्येक स्तर पर आतंकवाद-रोधी स्वचालित प्रतिक्रिया प्रणाली को संस्थागत बनाने की आवश्यकता बताई. इसका उद्देश्य आतंकी खतरे की सूचना मिलने के बाद संबंधित एजेंसियों के बीच तत्काल सूचना साझा करना और तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करना है
सम्मेलन के दौरान अमित शाह ने एक नया प्रत्यर्पण पोर्टल भी लॉन्च किया. इस पोर्टल का उद्देश्य विदेशों में मौजूद भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाने की प्रक्रिया में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और प्रत्यर्पण की कार्रवाई में तेजी लाना है. सरकार के अनुसार, 2019 से 2026 के बीच 36 देशों से 288 भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाया गया है
सम्मेलन में एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से हासिल की गई कार्रवाई का उदाहरण शहज़ाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ अभियान के रूप में सामने रखा गया. सरकार के मुताबिक, सीमापार हथियारों, विस्फोटकों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल इस नेटवर्क के 40 से अधिक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया. इस कार्रवाई के दौरान 15 राज्यों में 100 से अधिक FIR दर्ज की गईं और 350 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया. केंद्र सरकार ने UAPA के तहत शहज़ाद भट्टी नेटवर्क को आतंकवादी घोषित किया है
अमित शाह ने राज्य पुलिस बलों से कहा कि विदेशों में मौजूद भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाए. ये टीमें केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम करें, ताकि भगोड़ों की पहचान, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में बेहतर समन्वय हो सके
गृह मंत्री ने जोर दिया कि ‘प्रहार’ को परिणाम आधारित बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच तेज और प्रभावी समन्वय जरूरी है. आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर देरी न हो, इसके लिए एक मजबूत और संस्थागत व्यवस्था विकसित करनी होगी
स्रोत: NewsNation TV
