Download APKAPK
होम समाचार देश राजनीति अपराध खेल धर्म मनोरंजन व्यापार टेक लाइफस्टाइल विदेश लखनऊ

अयोध्या दीपोत्सव-2026 की तैयारियां तेज, सीएम योगी के मार्गदर्शन में भव्य आयोजन की तैयारी -

🕐 27 Oct 2026, 09:10 am• 3 min padho • Chugal Khor News
अयोध्या दीपोत्सव-2026 की तैयारियां तेज, सीएम योगी के मार्गदर्शन में भव्य आयोजन की तैयारी -

भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या एक बार फिर भव्य दीपोत्सव की तैयारियों में जुट गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में दीपोत्सव-2026 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार आयोजन की भव्यता के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए प्रशासन साधु-संतों, धर्माचार्यों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को भी व्यवस्थाओं में शामिल कर रहा है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में तुलसी उद्यान भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अयोध्या के प्रमुख संत-महात्माओं, धर्माचार्यों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान दीपोत्सव की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर भी मौजूद रहे। बैठक में संत-महात्माओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या का दीपोत्सव अब केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की वैश्विक पहचान बन चुका है।

हर वर्ष इस भव्य आयोजन की झलक देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक अयोध्या पहुंचते हैं। संतों ने कहा कि दीपोत्सव की भव्यता के साथ उसकी गरिमा और व्यवस्थाओं का बेहतर होना भी बेहद जरूरी है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए। साथ ही संत-महात्माओं के आवागमन के लिए भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।दीपोत्सव के दौरान अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।

संतों ने प्रमुख धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर दिशा-सूचक बोर्ड तथा अयोध्या के दर्शनीय स्थलों के मानचित्र लगाने का सुझाव दिया, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिरों और अन्य प्रमुख स्थलों तक पहुंचने में आसानी हो। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आसपास के जिलों के प्रशासन से बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। संतों ने कहा कि आयोजन के दौरान स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।बैठक में अयोध्या की स्वच्छता को लेकर भी विशेष चर्चा हुई।

संत-महात्माओं ने सुझाव दिया कि दीपोत्सव के दौरान साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ आयोजन समाप्त होने के बाद भी व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाए। संतों का कहना था कि अयोध्या करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप शहर की स्वच्छता बनाए रखना बेहद आवश्यक है। प्रमुख घाटों, मंदिरों, मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी जाए।बैठक में उपस्थित संत-महात्माओं ने अयोध्या के विकास और दीपोत्सव को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के माध्यम से भगवान श्रीराम की नगरी की आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक वैभव को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। संतों ने दीपोत्सव-2026 के सफल और गरिमामय आयोजन की मंगलकामना करते हुए जिला प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अयोध्या के संत समाज और नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या दीपोत्सव-2026 को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। प्रशासन की कोशिश है कि इस बार भी दीपोत्सव भगवान श्रीराम की नगरी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक भव्यता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करे। साथ ही अयोध्या आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार अनुभव के साथ लौटे।

स्रोत: Filmitics

शेयर करें X / Twitter ← होम

और खबरें