मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे के दौरान सुरक्षा और प…

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए हैं। पत्र में उन्होंने संवेदनशील जिले में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की भूमिका और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किए जाने की मांग की है

जीतू पटवारी ने पत्र में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक दलों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं राजनीतिक पसंद या नापसंद के आधार पर संचालित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बालाघाट जैसे सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील जिले में सुरक्षा इंतजामों को गंभीर विषय बताया

पटवारी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से पूरे मामले में तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब किए जाने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार से कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की अनुपस्थिति तथा उनके स्थान पर तैनात अधिकारियों के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात कही है

पत्र में राहुल गांधी के दौरे से संबंधित सभी सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल दस्तावेजों की समीक्षा कराने की मांग भी की गई है। पटवारी ने कहा कि यदि किसी अधिकारी की ओर से निर्धारित सरकारी दायित्व या लिखित निर्देशों की अवहेलना सामने आती है, तो संबंधित सेवा नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए

जीतू पटवारी ने भविष्य में नेता प्रतिपक्ष सहित संवैधानिक एवं वैधानिक रूप से मान्य उच्च पदों पर आसीन जनप्रतिनिधियों के दौरों के लिए स्पष्ट और एकरूप सुरक्षा प्रोटोकॉल सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि सुरक्षा एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों को राजनीतिक मतभेदों से अलग रखते हुए निर्धारित नियमों के अनुसार निभाया जाना चाहिए

पत्र के अंत में पटवारी ने कहा कि सरकारी अधिकारी किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि संविधान और कानून के प्रति उत्तरदायी लोक सेवक होते हैं। इसी आधार पर उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सामने लाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग रखी है